कटिहार: गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत, घरों के शीशे टूटे; मोहल्ले में मची अफरा-तफरी
कटिहार के महिपाल नगर मोहल्ले में गोलीबारी से दहशत फैल गई, जिससे कई घरों के शीशे टूट गए और दीवारों पर निशान पड़ गए। एसपी शिखर चौधरी ने घटना की जांच के ...और पढ़ें

गोलियों की तड़तड़ाहट से दहशत, घरों के शीशे टूटे; मोहल्ले में मची अफरा-तफरी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, कटिहार। ठांय, ठांय... गोलियों की ठांय-ठांय की आवाज से बुधवार की सुबह महिपाल नगर मोहल्ला दहल उठा। लोग दहशत में आ गए। दरवाजे-खिड़की बंद करने लगे। कुछ मकानों की दीवार पर गोली लगी, कुछ मकानों के कांच की खिड़की टूटी तो एक कार का शीशा टूट कर चकनाचूर हो गया।
मोहल्लेवासी दहशत में घरों में दुबक गए। गोलीबारी की आवाज थमने के बाद लोग घरों से निकले। घटना शहरी क्षेत्र के सहायक थाना क्षेत्र स्थित बीएमपी-7 के फायरिंग रेंज के समीप महिपाल नगर मोहल्ला की है।
एसपी शिखर चौधरी ने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। बताया जाता है कि एक-दो नहीं, बल्कि करीब दर्जनभर गोलियां चलने जैसी आवाज सुनाई दी। कई परिवारों ने घबराकर अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए, जबकि बच्चे और महिलाएं भयभीत हो गई।
स्थानीय शशीकांत प्रसाद ने बताया कि तेज रफ्तार से आई गोलियों के कारण कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। कुछ वाहनों के शीशे भी टूट गए, वहीं कई मकानों की दीवारों पर गोली लगने जैसे निशान देखे गए।
मोहल्लेवासियों ने आशंका जताई कि फायरिंग अभ्यास के दौरान कुछ गोलियां का छर्रा छिटककर रिहायशी इलाके तक पहुंच सकता है। हालांकि, पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया।
खबरें और भी
एसपी ने टूटे शीशों, दीवारों पर बने निशानों तथा प्रभावित लोगों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने पुलिस को कई संदिग्ध गोली जैसे टुकड़े और निशान भी दिखाए।
एसपी ने सदर डीएसपी और बीएमपी डीएसपी के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित करने का निर्देश दिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में गोलियां रिहायशी इलाके तक पहुंचीं। घटना के बाद इलाके में अब भी भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
सदर और बीएमपी डीएसपी के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई। स्थानीय लोगों ने फायरिंग रेंज से गोली के छर्रा के आने की आशंका जताई है। टीम को हर पहलू पर जांच कर रिपोर्ट देने को निर्देश दिया गया है। - शिखर चौधरी, एसपी, कटिहार।
यह भी पढ़ें- कटिहार में तालिबानी सजा: साइकिल चोरी के आरोप में नाबालिग बच्ची को पेड़ से बांधा, वीडियो वायरल
यह भी पढ़ें- बंगाल सीमा से सटे किशनगंज में देर रात एनकाउंटर, बिहार के कुख्यात अपराधी को लगी गोली; इंस्पेक्टर और दारोगा भी जख्मी