बांग्लादेशी घुसपैठ और भू-माफिया के आरोपों पर पुलिस सख्त, महाकाल सेना अध्यक्ष समेत 6 लोगों के बयान दर्ज
केंद्रीय गृहमंत्री को महाकाल सेना द्वारा भेजी गई शिकायत पर कटिहार में बांग्लादेशी घुसपैठियों और भू-माफिया द्वारा आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जे की जांच शु ...और पढ़ें

थाने में दर्ज किया गया बयान। (जागरण)
HighLights
महाकाल सेना की शिकायत पर जांच शुरू।
आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप।
शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए गए।
संवाद सहयोगी, कटिहार। महाकाल सेना द्वारा केंद्रीय गृहमंत्री को भेजी गई शिकायत पर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।
एसपी परिचय कुमार के निर्देश पर रौतारा थानाध्यक्ष ने सभी शिकायतकर्ताओं को गुरुवार को थाना बुलाकर उनका बयान दर्ज किया।
बताया जाता है कि यह कार्रवाई केंद्रीय स्तर से डीजीपी व पुलिस उप-महानिरीक्षक द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए निर्देश के आलोक में हुई है। चार पीड़ित समेत छह महाकाल सेना के शिकायतकर्ताओं ने बयान दर्ज कराया है।
बयान कलमबद्ध कराने वाले पीडितों में नरेश मुंडा, बाबूलाल मइरया, सूरज व पृथ्वी मारिया तथा महाकाल सेना के अध्यक्ष शिवानंद सिंह समेत अन्य शामिल है।
गृहमंत्री को भेजी गई थी शिकायत
बताया जाता है कि संगठन की ओर से 29 मई 2025 को ई-मेल के माध्यम से केंद्रीय गृहमंत्री को शिकायत भेजी गई थी। इसमें कहा गया था कि जिले में बांग्लादेशी घुसपैठियों द्वारा आदिवासी समुदाय की जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा है। साथ ही उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।
महाकाल सेना ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद केंद्रीय स्तर से मामले को बिहार पुलिस मुख्यालय भेजा गया। डीजीपी पटना ने पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) पूर्णिया को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
डीआईजी ने कटिहार के पुलिस अधीक्षक को आवेदन पर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। एसपी परिचय कुमार के निर्देश पर रौतारा थानाध्यक्ष ने सभी शिकायतकर्ताओं को गुरुवार को थाना बुलाकर उनका बयान दर्ज किया।
अध्यक्ष ने किया जांच कराने का अनुरोध
महाकाल सेना के अध्यक्ष शिवानंद सिंह ने बताया कि संगठन ने जिले के कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत रौतारा थाना क्षेत्र के ब्रह्मचारी एवं हथियादियारा गांव में आदिवासी समुदाय की भूमि पर बांग्लादेशी घुसपैठिया, भू माफिया द्वारा जमीन कब्जा, सामाजिक तनाव एवं उत्पीड़न से संबंधित आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया था।
उन्होंने कहा कि संगठन पिछले पांच वर्षों से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष उठाता रहा है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया था कि हथियादियारा गांव में कुछ वर्ष पूर्व छठ पर्व के दौरान छठ घाट पर तोड़फोड़ की घटना हुई थी, जिस पर स्थानीय प्रशासन ने कार्रवाई की थी।
वहीं, वर्ष 2025 में रामनवमी के अवसर पर ब्रह्मचारी गांव स्थित बजरंगबली मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद आयोजित धार्मिक कार्यक्रम एवं शोभायात्रा के दौरान भी तनाव उत्पन्न होने की शिकायत की गई थी।
महाकाल सेना ने मांग की है कि आवेदन में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
यह भी पढ़ें- रोहतास में गायिका राधिका कुमारी की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव
शिकायतकर्ताओं को थाना बुलाया गया था। सभी का बयान दर्ज किया गया है।
लालसर बिंद, थानाध्यक्ष रौतारा
महाकाल सेना संगठन के साथ-साथ पीड़ित को थाना बुलाया गया था। जहां थानाध्यक्ष ने सभी का बयान दर्ज किया है। जिले में बांग्लादेशियों द्वारा आदिवासी समुदाय की जमीन पर अवैध कब्जा करने एवं उन्हें प्रताड़ित करने के संबंध में सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग गृहमंत्री किया गया था।
शिवानंद सिंह, अध्यक्ष महाकाल सेना।