पूर्वोत्तर भारत में बढ़ेगी रेल कनेक्टिविटी: चिकन नेक रेललाइन का DPR तैयार, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
कटिहार रेल मंडल में यात्रियों की सुविधा और कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए कई पहल की जा रही हैं, जिसमें सावन स्पेशल ट्रेनें और भारत-नेपाल के बीच मालगाड़ी का ...और पढ़ें

कटिहार रेलमंडल के मंडल रेल प्रबंधक किरेंद्र। फोटो जागरण
HighLights
सावन में मनिहारी के लिए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें शुरू की गईं।
'चिकन नेक' रेलखंड का डीपीआर तैयार, जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा।
भारत-नेपाल के बीच पहली सीधी मालगाड़ी का सफल परिचालन शुरू हुआ।
संवाद सहयोगी, कटिहार। कटिहार रेल मंडल में यात्रियों की सुविधा और रेल संरचना के विकास को नई गति मिल रही है। सावन में मनिहारी जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने दो जोड़ी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का परिचालन अप डाउन में शुरू किया है, जिससे हजारों यात्रियों को राहत मिल रही है।
इस संबंध में कटिहार रेलमंडल के मंडल रेल प्रबंधक किरेंद्र नरह ने बताया कि अलुआबाड़ी रोड से न्यू जलपाईगुड़ी तक लगभग 34 किलोमीटर लंबे चिकन नेक रेलखंड का डीपीआर तैयार हो चुका है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
यह रेलखंड पूर्वोत्तर भारत को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला सबसे महत्वपूर्ण रेल संपर्क है। यह परियोजना पूरी होने के बाद रेल परिचालन और अधिक सुरक्षित, सुगम तथा क्षमता संपन्न होगा।
भारत-नेपाल के बीच मालगाड़ी का परिचालन शुरू
उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल के बीच पहली सीधी मालगाड़ी का सफल परिचालन शुरू हो गया है। अब इससे सीमापार व्यापार को नई मजबूती मिली है और कटिहार रेल मंडल की रणनीतिक एवं व्यावसायिक महत्ता भी बढ़ी है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कटिहार रेल मंडल में कटिहार सहित कुल चयनित 19 रेलवे स्टेशनों का विकास कार्य दो चरणों में पूरा किया जा रहा है। पूरे प्रोजेक्ट को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
खबरें और भी
पहले चरण का कार्य अब अंतिम दौर में है, जबकि दूसरे चरण का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौके पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह भी उपस्थित थे।
पोठिया रेलवे स्टेशन पर बालू घाट इंटरसिटी ट्रेन ठहराव की मांग
लोजपा नेता किशन बाबु पासवान ने पोठिया रेलवे हाल्ट स्टेशन पर बालूघाट इंटरसिटी (15463/64) ट्रेन के ठहराव की मांग की है। लोजपा नेता ने बताया कि पोठिया में बालू घाट इंटरसिटी का ठहराव लंबे समय से मांग ग्रामीणों तथा रेल संघर्ष समिति द्वारा किया जा रहा है। जिसकी सुध कटिहार रेल मंडल नहीं ले रहा है।
उन्होंने कहा कि पोठिया प्रखंड मुख्यालय का स्टेशन है तथा आलुआबारी जंक्शन के बाद का हाल्ट स्टेशन है। कहा कि ट्रेन के ठहराव से रेलवे को भी टिकट बिक्री के रूप से काफी फायदा होगा।
बताते चलें सुबह कार्यालय कोर्ट कचहरी जाने के समय यह बालूघाट इंटरसिटी काफी उपयुक्त ट्रेन है। जिसके ठहराव की मांग लंबे समय से पोठिया वासी कर रहे हैं।
साथ ही वापसी में भी यह ट्रेन कार्यालय बंद होने के समय किशनगंज आती है । यहां बताना जरूरी है की पोठिया से जिला मुख्यालय जाने के लिए सुबह की पहली ट्रेन 5:40 पर कटिहार डेमो पैसेंजर है।
इसके बाद मालदा डेमो जो तकरीबन 1:00 बजे दोपहर के आसपास है। इस कारण पोठिया प्रखंड वासी कार्यालय समय जिला मुख्यालय आवाजाही के लिए इस ट्रेन को काफी सुविधाजनक ट्रेन मानते हैं ।
यह भी पढ़ें- RRB परीक्षार्थियों के लिए खुशखबरी, रांची और सबौर के बीच चलेगी परीक्षा स्पेशल ट्रेन