कटिहार में बकरी के बच्चे को बचाने शौचालय की टंकी में उतरे 2 युवक अचेत, JCB से तोड़कर निकाले गए बाहर
कटिहार के कंदोल गांव में बकरी के बच्चे को बचाने के प्रयास में तीन लोग शौचालय की टंकी में गिरे, जिसमें दो जहरीली गैस से बेहोश हो गए। ...और पढ़ें
-1785694929395_m.webp)
अस्पताल में चल रहा इलाज। (जागरण)
HighLights
बकरी के बच्चे को बचाने के लिए टंकी में उतरे।
जहरीली गैस से दो युवक बेहोश, तीसरा बाहर निकला।
जेसीबी से टंकी तोड़कर युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया।
संवाद सूत्र, सालमारी (कटिहार)। थाना क्षेत्र के खरसौता पंचायत अंतर्गत कंदोल गांव के वार्ड संख्या-10 में रविवार को शौचालय की टंकी में गिरे बकरी के बच्चे को बचाने के प्रयास में तीन लोगों की जान पर बन आई।
टंकी में उतरे दो युवक कंदोल गांव निवासी दयानंद मंडल, मोती मंडल जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए, जबकि तीसरा व्यक्ति वीरेन मंडल किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा।
बाद में जेसीबी से टंकी तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार कंदोल गांव निवासी दयानंद मंडल (35) अपने घर के समीप स्थित शौचालय की टंकी में गिरे बकरी के बच्चे को निकालने के लिए अंदर उतरे।
कुछ ही देर में जहरीली गैस के कारण वह बेहोश हो गए। उन्हें बचाने के लिए मोती मंडल (28) टंकी में उतरे, लेकिन वह भी गैस की चपेट में आकर अचेत हो गए।
दोनों को बेहोश देख वीरेन मंडल भी उन्हें बचाने के लिए टंकी में उतरे, लेकिन स्थिति की गंभीरता भांपते हुए किसी तरह बाहर निकल आए और ग्रामीणों को सूचना दी।
जेसीबी से तोड़ा गया टंकी
इसके बाद गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने जेसीबी मंगाकर शौचालय की टंकी को तोड़ा और दोनों बेहोश युवकों को बाहर निकाला। दोनों को तत्काल आजमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. खाजा इनायत हुसैन ने बताया कि टंकी के भीतर दम घुटने और जहरीली गैस के प्रभाव से दोनों की हालत गंभीर हो गई थी।
प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। एक बेजुबान बकरी के बच्चे को बचाने की कोशिश में तीन लोगों की जान जोखिम में पड़ने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।