Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    किशनगंज एयरपोर्ट के रनवे विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण तेज, 'चिकन नेक' की सुरक्षा को मिलेगी नई ताकत

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

    किशनगंज हवाई अड्डे के विस्तार के लिए 27 एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिससे सीमांचल में हवाई सेवा की वर्षों पुरानी उम्मीद पूरी होगी। ...और पढ़ें

    किशनगंज एयरपोर्ट के रनवे विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण तेज (AI Generated Image)

    किशनगंज एयरपोर्ट के रनवे विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण तेज (AI Generated Image)

    HighLights

    1. किशनगंज हवाई अड्डे के विस्तार के लिए 27 एकड़ भूमि अधिग्रहण शुरू।

    2. रनवे विस्तार से सीमांचल को मिलेगी सीधी हवाई कनेक्टिविटी।

    3. परियोजना चिकन नेक सुरक्षा, व्यापार और पर्यटन को बढ़ाएगी।

    जागरण संवाददाता, किशनगंज। सीमांचल की वर्षों पुरानी हवाई सेवा की उम्मीद अब धरातल पर उतरती दिखाई देने लगी है। किशनगंज हवाई अड्डे के रनवे विस्तार और आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में जिला प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी है।

    करीब 27 एकड़ भूमि अधिग्रहण के लिए संबंधित भू-स्वामियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। एक माह तक दावा-आपत्ति प्राप्त करने के बाद मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू किया जाएगा।

    जिलाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि राज्य सरकार ने परियोजना को गति देने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। जिसको लेकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाई गई है, ताकि रनवे विस्तार का कार्य जल्द शुरू कराया जा सके।

    परियोजना के तहत रनवे का पूर्वी हिस्सा 700 मीटर लंबा और 100 मीटर चौड़ा किया जाएगा, जिसके लिए 17.29 एकड़ भूमि अधिग्रहित होगी।

    वहीं, पश्चिमी दिशा में 300 मीटर लंबा और 100 मीटर चौड़ा विस्तार प्रस्तावित है, जिसके लिए 7.41 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। अन्य सहायक सुविधाओं और सुरक्षा क्षेत्र को मिलाकर कुल करीब 27 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।

    जिला प्रशासन ने अधिसूचना जारी कर प्रभावित भू-स्वामियों से निर्धारित अवधि के भीतर दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने को कहा है। एक माह की अवधि पूरी होने के बाद प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद मुआवजे का भुगतान कर विधिवत भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

    चिकन नेक की सुरक्षा के लिहाज से भी अहम परियोजना

    डीएम नवीन कुमार ने कहा कि किशनगंज का सामरिक महत्व लगातार बढ़ रहा है। जिले में पहले से बीएसएफ और एसएसबी की तैनाती है, सीआईएसएफ कैंप की स्थापना की प्रक्रिया जारी है, जबकि आर्मी स्टेशन स्थापित करने की पहल भी चल रही है।

    खबरें और भी

    ऐसे में हवाई अड्डे का विस्तार केवल नागरिक उड्डयन की सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण चिकन नेक कारिडोर की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूती देगा।

    व्यापार, पर्यटन और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

    हवाई अड्डे के विस्तार से सीमांचल के लोगों को बड़े शहरों से सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे व्यापार, पर्यटन, उद्योग, निवेश, चिकित्सा सुविधाओं तक त्वरित पहुंच तथा आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।

    जिला प्रशासन का लक्ष्य सभी कानूनी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर जल्द से जल्द रनवे विस्तार का कार्य शुरू कराना है।

    यह भी पढ़ें- सुपौल: 2 साल में उड़ान के लिए तैयार होगा वीरपुर एयरपोर्ट, 3 किलोमीटर लंबा होगा रनवे