GOOD NEWS: किशनगंज एयरपोर्ट के रनवे विस्तार को मिली मंजूरी, 24.70 एकड़ जमीन का होगा अधिग्रहण
बिहार सरकार ने किशनगंज हवाई अड्डे के रनवे विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण हेतु 5.45 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। यह राशि 24.70 एकड़ भूमि के म ...और पढ़ें

किशनगंज एयरपोर्ट रनवे विस्तार को मंजूरी। फाइल फोटो
HighLights
रनवे विस्तार के लिए 5.45 करोड़ रुपये स्वीकृत।
कुल 24.70 एकड़ भूमि का होगा अधिग्रहण।
सीमांचल क्षेत्र में हवाई संपर्क को मिलेगा बढ़ावा।
जागरण संवाददाता, किशनगंज। बिहार सरकार के सिविल विमानन विभाग ने किशनगंज हवाई अड्डे के रनवे विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण मद में 5 करोड़ 45 लाख 97 हजार 100 की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति प्रदान की है।
यह राशि 24.70 एकड़ जमीन अधिग्रहण में मुआवजा भुगतान के लिए खर्च की जाएगी। यह जानकारी बिहार सरकार के भूमि सुधार व राजस्व मंत्री डॉक्टर दिलीप कुमार जायसवाल ने दी।
17.29 एकड़ भूमि होगी अधिग्रहित
उन्होंने विभागीय आदेश दिखाते हुए कहा कि जारी आदेश के अनुसार रनवे का विस्तार पूर्व दिशा में 700 मीटर लंबाई एवं 100 मीटर चौड़ाई में किया जाएगा, जिसके लिए 17.29 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जाएगी।
वहीं, पश्चिम दिशा में 300 मीटर लंबाई एवं 100 मीटर चौड़ाई के विस्तार हेतु 7.41 एकड़ जमीन ली जाएगी। कुल 24.70 एकड़ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत नागर विमानन विभाग के बजट शीर्ष “5053-नागर विमानन” अंतर्गत उपलब्ध कराई जाएगी। विभागीय आदेश के मुताबिक राशि अपर सचिव-सह-निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी, सिविल विमानन विभाग, पटना द्वारा जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, किशनगंज के नाम संचालित विशेष खाते में जमा कराई जाएगी।
सीमांचल को मिलेगी नई उड़ान
मंत्री ने बताया कि प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया है कि स्वीकृत राशि का उपयोग केवल रनवे विस्तार परियोजना में ही किया जाएगा। साथ ही उपयोगिता प्रमाण-पत्र, व्यय विवरण और कोषागार चालान की प्रतिलिपि जिला भू-अर्जन पदाधिकारी द्वारा महालेखाकार को भेजनी होगी।
यह प्रक्रिया योजना स्वीकृति के छह माह के भीतर पूरी करनी होगी। विभागीय आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस योजना को मुख्यमंत्री की स्वीकृति प्राप्त है।
रनवे विस्तार की मंजूरी मिलने के बाद सीमांचल क्षेत्र में हवाई संपर्क को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे किशनगंज समेत आसपास के जिलों में निवेश, पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।