Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    किशनगंज में सरकारी गाड़ी रोक MVI पर हमला, बालू माफियाओं की भीड़ ने की मारपीट

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 01:57 AM (GMT+05:30)

    किशनगंज में मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) रविंद्र कुमार राग पर बालू वाहनों पर कार्रवाई से नाराज भीड़ ने हमला कर दिया। ...और पढ़ें

    एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

    एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

    HighLights

    1. एमवीआई रविंद्र कुमार राग पर भीड़ का हमला।

    2. बालू वाहनों पर कार्रवाई से नाराज थे हमलावर।

    3. एक आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही जांच।

    जागरण संवाददाता, किशनगंज। जिले में सरकारी अधिकारी की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करने वाली घटना सामने आई है। परिवहन विभाग के मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) रविंद्र कुमार राग पर सोमवार को यांत्रिक जांच से लौटने के दौरान कथित तौर पर हमला कर दिया गया।

    आरोप है कि सरकारी वाहन का रास्ता रोककर 25 से 30 लोगों की भीड़ ने उन्हें और साथ मौजूद पुलिसकर्मी को वाहन से जबरन उतार लिया, गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

    एमवीआई ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि वे पोठिया थाना में जब्त एक वाहन की यांत्रिक जांच करने पोठिया थाना गए थे।

    जांच पूरी कर सरकारी वाहन से किशनगंज लौटने के दौरान बोमावस्ती गाछपाड़ा के समीप सड़क के बीच ट्रैक्टर खड़ा कर उनका रास्ता रोक दिया गया।

    आवेदन के अनुसार, वाहन रुकते ही वहां पहले से मौजूद 25 से 30 लोग जुट गए और उन्हें तथा उनके साथ मौजूद सिपाही को जबरन वाहन से बाहर निकाल लिया।

    भीड़ ने कथित तौर पर बालू वाहनों पर ओवरलोडिंग का चालान किए जाने को लेकर नाराजगी जताई और गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी।

    बालू खदान में गाड़ देने की धमकी

    एमवीआई का आरोप है कि भीड़ ने उन्हें जान से मारने और बालू खदान में गाड़ देने तक की धमकी दी। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया कि उस समय उन्होंने कोई वाहन नहीं पकड़ा था, लेकिन भीड़ उग्र बनी रही।

    स्थिति बिगड़ने पर एमवीआई ने तत्काल सदर थानाध्यक्ष को मोबाइल से सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और उन्हें तथा साथ मौजूद कर्मी को सुरक्षित बाहर निकाला।

    पुलिस ने मौके से अबू बकर, पिता अब्दुल लतीफ, निवासी वार्ड संख्या-09, गाछपाड़ा को हिरासत में लिया। एमवीआई ने अपने आवेदन में अबू बकर, 25-30 अज्ञात लोगों तथा ट्रैक्टर संख्या बीआर 37जीए-7910 के मालिक के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट और धमकी देने के आरोप में कार्रवाई की मांग की है।

    खबरें और भी

    सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि एमवीआई के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- अररिया में 22 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या, हिरासत में लिए गए माता-पिता समेत 5 लोग