बिहार के किसानों की सम्मान निधि दूसरे राज्यों में हो रही ट्रांसफर, अब तक 250 से अधिक मामले आए सामने
किशनगंज के पोठिया प्रखंड में पीएम किसान सम्मान निधि योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहाँ किसानों के आधार नंबर सही होने के बावजूद योजना की राशि ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
किशनगंज के पोठिया में पीएम किसान निधि में फर्जीवाड़ा।
किसानों की राशि कर्नाटक, महाराष्ट्र जैसे राज्यों में ट्रांसफर।
250 से अधिक मामले सामने आए, कृषि विभाग जांच में।
पंकज भारती, पोठिया (किशनगंज)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में किशनगंज जिले के पोठिया प्रखंड से फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। यहां लाभुकों का आधार नंबर सही होने के बावजूद योजना की राशि उनके बैंक खातों में नहीं जाकर कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान और तमिलनाडु जैसे दूसरे राज्यों के अज्ञात बैंक खातों में भेजी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में ऐसे 250 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। जबकि इसकी वास्तविक संख्या और बढ़ सकती है। हालांकि कृषि विभाग पूरे प्रकरण की जांच में जुट गया है।
15,998 राशन कार्डधारियों का नाम कटने से खुला पूरा मामला
यह मामला तब सामने आया जब पोठिया प्रखंड के 15,998 राशन कार्डधारियों का नाम सार्वजनिक वितरण प्रणाली से यह कहते हुए हटा दिया गया कि उनके पास ढाई एकड़ से अधिक भूमि है और वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे हैं।
राशन कार्ड से नाम हटने की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग प्रखंड आपूर्ति कार्यालय पहुंचे। उन्होंने लिखित आवेदन देकर बताया कि उन्हें आज तक पीएम किसान योजना की एक भी किस्त नहीं मिली, फिर उन्हें लाभुक मानकर राशन कार्ड से नाम हटा दिया गया।
लगातार मिल रहे आवेदनों के बाद प्रखंड आपूर्ति कार्यालय ने पूरे मामले की जांच के लिए कृषि विभाग से रिपोर्ट मांगी।
जांच में सच्चाई आई सामने
कृषि विभाग की जांच में पाया गया कि संबंधित किसानों का आधार नंबर सही है, लेकिन योजना की राशि उनके बैंक खातों में नहीं जाकर दूसरे राज्यों के बैंक खातों में स्थानांतरित हो रही है।
खबरें और भी
जिन खाताधाराक के खाते में राशि में जा रही है उनका पोर्टल पर संबंधित बैंक और खाताधारक का पूरा विवरण उपलब्ध नहीं है। केवल राज्य का नाम दिखाई देता है, जिससे यह पता नहीं चल पा रहा कि राशि किस बैंक और किस व्यक्ति के खाते में जा रही है।
कर्नाटक, महाराष्ट्र जा रही है राशि
विभागीय जानकारी के अनुसार, प्रखंड के कुसियारी निवासी मेंहदी हुसैन की पत्नी रौहाना खातून का आधार नंबर सही है। लेकिन किसान सम्मान निधि की राशि कर्नाटक के बैंक खाते में जा रही है।
कुसियाही के ही शाहिद अहमद की पत्नी शौकत आरा कीर राशि महाराष्ट्र के बैंक खाते में जा रही है। उदागाड़ा पंचायत के झाडबाड़ी निवासी अतिफुल की की राशि राजस्थान में किसी खाते में स्थानांतरित हो रही है।
सेठाबाड़ी की जोहरा खातून का भी आधार नंबर सही होने के बावजूद योजना की राशि दूसरे राज्य के खाते में भेजे जाने की पुष्टि हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, पिछले तीन-चार दिनों में ही करीब 250 मामले सामने आए हैं। हर दिन नए आवेदन मिल रहे हैं और जांच आगे बढ़ने के साथ प्रभावित किसानों की संख्या बढ़ने की संभावना है। प्रारंभिक जांच में मिले अधिकांश मामलों में एक जैसी गड़बड़ी सामने आई है।
17,364 किसानों को मिल रहा योजना का लाभ
पोठिया प्रखंड में वर्तमान में 17,364 किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभुक हैं। वर्ष 2018 में शुरू हुई इस योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये तीन किस्तों में दिए जाते हैं।
मामले में कृषि विभाग का मानना है कि योजना के लिए बैंक खाते के पंजीकरण के दौरान कहीं बड़े पैमाने पर गड़बड़ी या फर्जीवाड़ा हुआ होगा।
कई लाभुकों के आधार नंबर तो सही हैं, लेकिन उनसे जुड़े बैंक खाते बदल गए हैं या किसी अन्य राज्य के खाते लिंक हो गए हैं। यह बदलाव कैसे हुआ और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसकी जांच की जा रही है।
रजिस्ट्रेशन में गड़बड़ी: BAO
प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभिषेक राज ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों में लगभग 250 मामले सामने आए हैं। जैसे-जैसे आवेदन मिल रहे हैं, उनकी जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कृषि विभाग केवल पोर्टल पर उपलब्ध रिकार्ड के आधार पर जांच की जा रही है। लाभुकों द्वारा पूर्व में कराए गए बैंक खाता पंजीकरण में ही गड़बड़ी होने की आशंका है।
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अविनाश भारती ने पूरे मामले की रिपोर्ट अनुमंडलाधिकारी को भेज दी गई है, ताकि व्यापक स्तर पर जांच कराकर प्रभावित किसानों को राहत दिलाई जा सके।
यह भी पढ़ें- बिहार में बदलेगा ग्राम पंचायतों का नक्शा, DM को मिला परसीमन करने का अधिकार