Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लखीसराय के स्कूल में मिड-डे मील में मिली मरी हुई मधुमक्खी, छात्रों में मचा हड़कंप

    Updated: Sat, 23 May 2026 04:22 PM (GMT+05:30)

    लखीसराय के जोकमेला प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन में मधुमक्खी मिलने से छात्रों में हड़कंप मच गया। ...और पढ़ें

    खाने में मिली मधुमक्खी। (जागरण)

    खाने में मिली मधुमक्खी। (जागरण)

    HighLights

    1. मध्याह्न भोजन में मधुमक्खी मिलने से विद्यालय में हड़कंप।

    2. छात्रों ने भोजन फेंका, प्रधानाध्यापक ने अधिकारियों को दी सूचना।

    3. डीपीओ ने घटना को प्रधानाध्यापक का प्रायोजित कृत्य बताया।

    संवाद सहयोगी, लखीसराय। स्थानीय प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय जोकमेला में शनिवार को मध्याह्न भोजन में मधुमक्खी मिलने से विद्यालय में हड़कंप मच गया।

    एक छात्र की थाली में मधुमक्खी पाए जाने के बाद अन्य छात्र-छात्राओं ने भी अपनी थाली में परोसा गया भोजन फेंक दिया। घटना के बाद विद्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी रही।

    मामले की जानकारी मिलते ही विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रीतम कुमार अन्य शिक्षकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने भोजन की थाली में पड़े मधुमक्खी की तस्वीर लेकर विभागीय अधिकारियों को भेजी।

    प्रधानाध्यापक ने बताया कि विभाग द्वारा बच्चों को मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने के लिए आउटसोर्स एजेंसी का चयन किया गया है।

    मिलता है पका-पकाया खाना

    वर्तमान में लखीसराय प्रखंड के 104 विद्यालयों में से 52 विद्यालयों में आउटसोर्सिंग एजेंसी रायल मानव मित्र सेवा समिति के माध्यम से पका-पकाया भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

    उन्होंने बताया कि एजेंसी द्वारा एक डिब्बे में 40 बच्चों के लिए भोजन उपलब्ध कराया जाता है। शनिवार को विद्यालय में चार डिब्बा खिचड़ी एवं चोखा भेजा गया था।

    तीन डिब्बों का भोजन बच्चों को परोस दिया गया था। चौथे डिब्बे से भोजन परोसने के दौरान एक छात्र की थाली में मधुमक्खी दिखाई दी, जिसके बाद बच्चों ने भोजन फेंक दिया।

    जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नाराज

    इधर, शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (पीएम पोषण योजना) नीलम राज ने कहा कि यह मामला विद्यालय के प्रधानाध्यापक का प्रायोजित कृत्य प्रतीत होता है।

    उन्होंने बताया कि आउटसोर्स एजेंसी को जिम्मेदारी मिलने के बाद भी उक्त विद्यालय से पहले भी बच्चों की थाली में कीड़ा मिलने की शिकायत प्राप्त हुई थी।

    डीपीओ ने कहा कि अब एमडीएम बीआरपी की निगरानी में विद्यालय में डिब्बों से भोजन निकालकर सुरक्षित तरीके से रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- सहरसा में मिड-डे मील खाने से 150 छात्र बीमार: हाईकोर्ट ने सरकार और एजेंसी पर उठाए सवाल; SP से मांगी रिपोर्ट