Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में 20 लाख की फिरौती के लिए मेडिकल छात्र को किया अगवा, पीड़ित भागकर पहुंचा थाने; जांच में जुटी पुलिस

    Updated: Fri, 22 May 2026 05:49 AM (IST)

    पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर मेडिकल कॉलेज के एक छात्र का बिहार के किऊल रेलवे स्टेशन से 20 लाख रुपये की फिरौती के लिए अपहरण कर लिया गया। छात्र किसी तरह अप ...और पढ़ें

    बिहार में छात्र अपहरण का केस। फाइल फोटो

    बिहार में छात्र अपहरण का केस। फाइल फोटो

    HighLights

    1. मेडिकल छात्र का किऊल स्टेशन से अपहरण हुआ।

    2. 20 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई।

    3. छात्र भागकर जमुई थाने पहुंचा, पुलिस जांच जारी।

    संवाद सूत्र, चानन (लखीसराय)। किऊल रेलवे स्टेशन परिसर से पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत छात्र के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

    हालांकि अपहृत छात्र किसी तरह अपराधियों को चकमा देकर भाग निकला और जमुई थाना पहुंचकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

    जानकारी के अनुसार, मुंगेर जिले के हेमजापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी लगमा निवासी विनय कुमार का पुत्र सुमित सुमन पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई करता है।

    रेलवे स्टेशन से किया अगवा

    मंगलवार की रात वह अपने चार साथियों के साथ हावड़ा-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस से घर लौट रहा था। लखीसराय स्टेशन पर सुमित अपने साथी अर्पण के साथ उतर गया, जबकि दो अन्य साथी आगे चले गए।

    बताया गया कि जमालपुर जाने के लिए सुमित और अर्पण रेलवे पुल के रास्ते पैदल किऊल पहुंचे थे। इसी दौरान सुमित ने अपने साथी अर्पण से कहा कि वह सन्नी भैया को लेकर 15 मिनट में लौट रहा है।

    काफी देर तक वापस नहीं आने पर अर्पण ने उसके मोबाइल पर संपर्क किया। इस दौरान सुमित ने अपना लाइव लोकेशन भेजा, जो रात 9:14 बजे से 9:40 बजे तक चानन थाना क्षेत्र के बन्नूबगीचा स्थित एसएसबी कैंप के पास दिखा। इसके बाद मोबाइल लोकेशन बंद हो गई।

    थाना पहुंचा पीड़ित

    अर्पण से घटना की जानकारी मिलने पर सुमित के पिता विनय कुमार किऊल थाना पहुंचे और पुत्र के लापता होने की सूचना दी। खोजबीन के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बुधवार की रात छात्र सुमित अपराधियों के चंगुल से भागकर जमुई थाना पहुंच गया है।

    इसके बाद किऊल थाना से एसआइ राजीव कुमार पुलिस बल के साथ जमुई पहुंचे और छात्र को वापस लाकर पूछताछ की। पूछताछ में सुमित सुमन ने बताया कि उसके परिचित सन्नी कुमार समेत तीन-चार लोगों ने उसका अपहरण कर लिया था। बदमाश उसे बन्नूबगीचा होते हुए जमुई ले गए और उसके साथ मारपीट की।

    खबरें और भी

    अपराधी उसके पिता से 20 लाख रुपये फिरौती मांगने का दबाव बना रहे थे। छात्र ने बताया कि मौका मिलने पर वह बदमाशों के चंगुल से भाग निकला और सीधे जमुई थाना पहुंच गया।

    पुलिस के अनुसार, आरोपित सन्नी कुमार लखीसराय जिले के माणिकपुर निवासी संजय कुमार का पुत्र है। अन्य अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है। प्रभारी थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। मामला मनगढ़ंत भी प्रतीत हो रहा है।

    यह भी पढ़ें- लखीसराय में ANM की जगह पति कर रहा था इलाज, खबर छपने के बाद एक्शन में स्वास्थ्य विभाग 

    यह भी पढ़ें- प्रेमियों को टावर से उतारने में पुलिस के छूटे पसीने, बिहार में पनप रहा ‘वीरू स्टाइल’ का खतरनाक ट्रेंड