लखीसराय हिंसा: पुलिस ने जारी की 19 उपद्रवियों की तस्वीरें, ड्रोन फुटेज से पहचान
लखीसराय पुलिस ने 25 जुलाई को हुए प्रतिरोध मार्च के दौरान हुई हिंसा और पथराव के मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। ...और पढ़ें
-1785043629653_m.webp)
HighLights
लखीसराय में 25 जुलाई को छात्र संगठनों का प्रतिरोध मार्च।
हिंसा और पथराव में 19 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें जारी।
पुलिस ने ड्रोन फुटेज, सीसीटीवी से की उपद्रवियों की पहचान।
जागरण संवाददाता, लखीसराय। 25 जुलाई को विपक्षी दलों के छात्र संगठनों द्वारा आयोजित प्रतिरोध मार्च के दौरान समाहरणालय गेट पर हुई हिंसा और पथराव के मामले में लखीसराय पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस ने ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी एवं वीडियो फुटेज के आधार पर हिंसक घटनाओं में शामिल 19 संदिग्ध उपद्रवियों की तस्वीरें सार्वजनिक की हैं। इन तस्वीरों को पुलिस के आधिकारिक इंटरनेट पेज पर अपलोड कर आम लोगों से उनकी पहचान बताने की अपील की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

लखीसराय पुलिस की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि प्रतिरोध मार्च के दौरान समाहरणालय गेट एवं आसपास के क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन को हिंसक बनाने की कोशिश की। उपद्रवियों ने पुलिस बल पर ईंट, पत्थर, डंडे, बोतलें एवं अन्य सामान फेंके। इसके अलावा निजी वाहनों में तोड़फोड़ कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया गया।
एसडीपीओ शिवम कुमार ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी और ड्रोन कैमरे से रिकार्डिंग कराई गई थी। उपलब्ध वीडियो फुटेज के गहन विश्लेषण के बाद 19 संदिग्धों की पहचान की गई है, जिनकी तस्वीरें सार्वजनिक की गई हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को इन व्यक्तियों की जानकारी हो, वे पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वालों का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

उन्होंने बताया कि मामले में कबैया थाना में विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अब तक एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने जा रही है। पुलिस इंटरनेट मीडिया, ड्रोन फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर सभी उपद्रवियों की पहचान कर रही है।
खबरें और भी
प्रेस विज्ञप्ति में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा यदि जारी तस्वीरों में किसी व्यक्ति की पहचान होती है तो इसकी सूचना कबैया थाना, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय अथवा लखीसराय पुलिस हेल्पलाइन पर दें। पुलिस ने इसके लिए संबंधित मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं।

गौरतलब है कि नीट परीक्षा पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन के तहत 25 जुलाई शनिवार को लखीसराय में विपक्षी दलों के छात्र संगठनों ने प्रतिरोध मार्च निकाला था। प्रशासन की ओर से मार्च को समाहरणालय गेट पर रोक दिए जाने के बाद स्थिति अचानक तनावपूर्ण हो गई। इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया और आसपास खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की।
इस हिंसक घटना में महिला सिपाही वर्षा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उनके सिर में पत्थर लगने से गहरी चोट आई थी। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को तितर-बितर किया था। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच करते हुए वीडियो और ड्रोन फुटेज के आधार पर एक-एक आरोपित की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई में जुटी है।

एसडीपीओ शिवम कुमार का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साक्ष्यों के आधार पर सभी दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- लखीसराय समाहरणालय घेरने पहुंचे छात्रों और पुलिस में हिंसक झड़प, पथराव के बाद ताबड़तोड़ लाठीचार्ज से फैला तनाव