विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीसराय मंदिर हादसा: सदर अस्पताल में चीख-पुकार और अफरातफरी, अपनों को तलाशते रहे परिजन

Published: Mon, 17 Aug 2026 04:47 PM (IST)

सावन की तीसरी सोमवारी पर अशोकधाम मंदिर में भगदड़ के बाद लखीसराय सदर अस्पताल में मातम छा गया। इस हादसे ...और पढ़ें

सदर अस्पताल में चीख-पुकार और अफरातफरी, अपनों को तलाशते रहे परिजन

सदर अस्पताल में चीख-पुकार और अफरातफरी, अपनों को तलाशते रहे परिजन

HighLights

  1. अशोकधाम भगदड़ में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत।

  2. सदर अस्पताल में 27 घायल श्रद्धालुओं का इलाज जारी।

  3. अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार, मातम का माहौल।

संवाद सहयोगी, लखीसराय। सावन की तीसरी सोमवारी को इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर, अशोकधाम में हुई भगदड़ के बाद सदर अस्पताल का माहौल पूरी तरह गमगीन और अफरातफरी भरा रहा। हादसे में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत और 27 श्रद्धालु के जख्मी होने से कोहराम मच गया। घायलों में 26 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।

जख्मी श्रद्धालु और शव के सदर अस्पताल पहुंचते ही वहां चीख-पुकार मच गई। अपनों की मौत की खबर सुनकर पहुंचे स्वजन शवों से लिपटकर रोते-बिलखते रहे। किसी को अपनी पत्नी की तलाश थी तो कोई मां, बेटी या बहन को ढूंढता रहा।

सदर अस्पताल परिसर में एक साथ कई परिवारों के पहुंचने से स्थिति बेहद भावुक हो गई। अस्पताल के हर तरफ रोने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दे रही थी। अपने परिजनों की जानकारी लेने के लिए लोग इधर-उधर भटकते नजर आए।

घायलों को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में स्वजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए, जिससे परिसर में भीड़ बढ़ती चली गई। इस दौरान कई जगह अव्यवस्था की स्थिति बनी रही और लोगों को अपने स्वजनों के बारे में जानकारी लेने में परेशानी हुई।

शव पहुंचते ही मचा कोहराम:

अशोकधाम से मृत महिला श्रद्धालुओं के शव एक-एक कर सदर अस्पताल पहुंचने लगे तो वहां मौजूद स्वजनों का धैर्य जवाब दे गया। अपनों के शव देखते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। अस्पताल परिसर में चारों ओर मातम पसरा रहा। कई स्वजन बार-बार अपने प्रियजन को पुकारते रहे।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कुछ देर पहले तक जो परिवार सावन की सोमवारी पर पूजा-अर्चना के लिए निकले थे, उनके स्वजन अब अस्पताल में शव की पहचान करने के लिए मजबूर थे।

घायलों के इलाज के बीच बढ़ती रही भीड़:

भगदड़ में घायल श्रद्धालुओं को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। अस्पताल में 25 महिला श्रद्धालुओं को भर्ती कराया गया। इनमें तीन की हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। 22 महिला श्रद्धालुओं का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

रेफर की गई तीनों गंभीर रूप से जख्मी महिलाओं का स्थानीय निजी क्लीनिक में इलाज कराया जा रहा है। घायल एक पुरुष श्रद्धालु का भी इलाज कराया गया।

अधिकारी अस्पताल में जमे रहे:

घायलों को समुचित इलाज उपलब्ध कराने और व्यवस्था की निगरानी के लिए जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार और सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह समेत अन्य पदाधिकारी सदर अस्पताल में मौजूद रहे। अधिकारियों ने घायलों के इलाज की जानकारी ली और चिकित्सकों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

सदर अस्पताल में इलाजरत घायलों का नाम व पता

  • रेणु देवी (39 वर्ष), पति अवधेश सिंह, बकावा, पटना
  • रागिनी कुमारी (21 वर्ष), पिता अवधेश सिंह, वकावां, पटना
  • मोनी कुमारी (18 वर्ष), पिता सोहन मंडल, धर्मरायचक, लखीसराय
  • मोनी कुमारी (17 वर्ष), पिता मनीष मंडल, धर्मरायचक, लखीसराय
  • मुस्कान कुमारी (18 वर्ष), पिता ललन राम, भोला टोला, लखीसराय
  • कुमकुम देवी (50 वर्ष), पति सुबोध राम, नयाटोला, लखीसराय ।
  • शिवानी कुमारी (15 वर्ष), पिता राजेश राम, खुटहाडीह, बड़हिया, लखीसराय
  • अनिता देवी (26 वर्ष), पति श्रवण राम, खुटहाडीह, बड़हिया, लखीसराय।
  • गुंजन कुमारी (12 वर्ष), पिता राजाराम सहनी, बालगुदर, लखीसराय
  • तनु कुमारी (23 वर्ष), पिता राजाराम सहनी, बालगुदर, लखीसराय
  • कमली देवी (50 वर्ष), पति कारू सहनी, बालगुदर, लखीसराय
  • गायत्री देवी (55 वर्ष), पति कौशल सहनी, बालगुदर, लखीसराय
  • ममता देवी (25 वर्ष), पति धारो यादव, चननियां, सूर्यगढ़ा, लखीसराय
  • रामपरी देवी (50 वर्ष), पति पप्पू यादव, मुरवड़िया, पिपरिया, लखीसराय
  • खुशी कुमारी (15 वर्ष), पिता बबलू चंद्रवंशी, बाइपास, लखीसराय।
  • संध्या (16 वर्ष), पिता सकलदेव राम, बाइपास , लखीसराय
  • लूटो देवी (55 वर्ष), पति तेतर साव, कोर्ट एरिया, लखीसराय
  • टुपटुप (16 वर्ष), पिता शिवनंदन राम, पचना रोड, लखीसराय
  • पिंकी कुमारी (16 वर्ष) ,पिता पंकज साव, नवाबगंज, सूर्यगढ़ा, लखीसराय
  • अमेरिकी देवी (65 वर्ष), पति राजाराम, फरदा, सफियाबाद, मुंगेर
  • क्रांति देवी (65 वर्ष), पति मकुन चौधरी, फरदा, सफियासराय, मुंगेर
  • मौसम कुमारी (21 वर्ष) पिता ललन साव, गढ़ लक्ष्मीपुर, लखीसराय

निजी क्लीनिक में इलाजरत घायलों का नाम-पता

  • विमला कुमारी (40 वर्ष), पति विनोद कुमार, मोकामा, पटना
  • सविता देवी (40 वर्ष), पति सुधीर सिंह, वकावां, पटना
  • रीना देवी (40 वर्ष), पति राजेश कुमार, बभनगावां, लखीसराय
  • साक्षी कुमारी (21 वर्ष), पिता गोपाल सिंह, रसूलपुर, शेखपुरा
  • सुशांत कुमार (18 वर्ष), पिता गोपाल सिंह, रसूलपुर, शेखपुरा

यह भी पढ़ें- लखीसराय मंदिर हादसा: 5 भाइयों के सिर से उठा इकलौती बहन का साया, इस रक्षाबंधन सूनी रह जाएंगी कलाइयां

यह भी पढ़ें- बिहार: लखीसराय मंदिर हादसे की जांच के आदेश, CM सम्राट चौधरी ने 4-4 लाख रुपये के मुआवजे का किया एलान