बिहार: लखीसराय मंदिर हादसे की जांच के आदेश, CM सम्राट चौधरी ने 4-4 लाख रुपये के मुआवजे का किया एलान
Bihar Temple Stampede: लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में हुई भगदड़ में 7 लोगों की मौत हो गई और कई घायल ...और पढ़ें
-1786944402591_m.webp)
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। फाइल फोटो
HighLights
लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ से 7 मौतें।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को ₹4 लाख मुआवजे की घोषणा।
सरकार ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए।
डिजिटल डेस्क, पटना। Bihar Temple Stampede: लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में मची भगदड़ (Bihar Temple Stampede) से 7 लोगों की मौत हो गई है। वहीं कई लोग घायल हैं, जिनका इलाज लखीसराय सदर अस्पताल में चल रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के लिए मुआवजे का एलान किया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, लखीसराय के अशोकधाम हाल्ट पर हुई हृदयविदारक दुर्घटना में सभी मृतकों के निकटतम आश्रितों को राज्य सरकार की ओर से ₹4-4 लाख अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
सम्राट चौधरी ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदना और प्रतिबद्धता के साथ शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर से मन व्यथित है और पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
सरकार ने दिए जांच के आदेश
प्रदेश भाजपा प्रमुख संजय सरावगी ने कहा कि सरकार ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि जो लोग घायल हुए हैं, उन्हें उचित इलाज मिले और वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। अगर किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही हुई है, तो सरकार उचित कार्रवाई करेगी।
बिहार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "यह बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मैंने सीएम से बात की है। अगर कोई लापरवाही पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
मंत्री Ashokdham Temple Stampede के घटना स्थल पर रवाना
मंत्री विजय सिन्हा घटनास्थल के लिए निकल गए हैं। उन्होंने कहा कि सुबह 5 बजे राहत शिविर चलाने वाले कार्यकर्ताओं से बात हुई थी, तब सभी कुछ सामान्य था, बहुत उत्साहजनक वातावरण था। ये घटना मंदिर परिसर के बाहर हुई है। सरकार की ओर से राहत व्यवस्था चलाई जाएगी।
