PM Surya Ghar Yojna: बिहार में BPL परिवारों के घर पर फ्री में लगेगा सोलर पैनल, बिजली बिल से मिलेगी मुक्ति
बिहार के मधेपुरा जिले के बिहारीगंज में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत बीपीएल परिवारों को मुफ्त सोलर पैनल लगाने की कवायद शुरू हो गई है। ...और पढ़ें

गरीबों के घरों पर फ्री में लगेगा सोलर पैनल। फाइल फोटो
HighLights
बीपीएल परिवारों को मुफ्त सोलर पैनल लगाए जाएंगे।
महंगे बिजली बिलों से मिलेगी मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण।
सामान्य उपभोक्ताओं को 78 हजार तक सब्सिडी उपलब्ध।
संवाद सूत्र, बिहारीगंज (मधेपुरा)। प्रखंड मुख्यालय स्थित वाणिज्य समिति धर्मशाला परिसर में मंगलवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना (PM Surya Ghar Yojana) को लेकर उपभोक्ताओं के साथ समीक्षात्मक बैठक की गई। बैठक में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता विजय कुमार ने उक्त योजना का विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बीपीएल परिवारों के छत पर सोलर पैनल (Free Solar Panel लगाने की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए बीपीएल उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर ली गई है। जिनका पक्का मकान है, उनके छत पर एक किलोवाट का सोलर पैनल फ्री लगाया जाएगा।
विभागीय स्तर से प्रथम चरण बिहारीगंज प्रखंड के पांच पंचायत गमैल, हथिऔंधा, राजगंज, बभनगामा और मोहनपुर का चयन किया गया है। जिसमें प्रत्येक पंचायत से 100 बीपीएल उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने की प्रक्रिया की जा रहीं हैं।
महंगे बिलों से मिलेगा छुटकारा
जीविका दीदियों को सर्वेक्षण कार्य में लगाया गया है। जीविका दीदियों ने सूची के आधार पर कुल 500 में 483 BPL उपभोक्ता की सहमति पत्र उपलब्ध करा दी है।
जल्द ही सहमति पत्र के आधार पर विभागीय स्तर से मुफ्त सोलर पैनल लगाया जाएगा। इससे बीपीएल परिवारों को महंगें बिजली बिलों से छुटकारा के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
कनीय अभियंता विश्वनाथ कुमार ने बताया कि सामान्य उपभोक्ता भी सोलर पैनल लगवाकर अनुदान का लाभ ले सकते हैं। इस योजना से एक किलोवाट क्षमता पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट क्षमता पर 60 हजार रुपये एवं तीन किलोवाट पर 78 हजार रुपये तक अनुदान दी जा रही है।
उपस्थित बैंकों के अधिकारियों ने उक्त योजना के लिए ऋण लेने की प्रक्रिया के बारे में बताया। मौके पर पीएनबी शाखा के प्रबंधक रामाशंकर पुरोहित, एसबीआइ एएमवाई के एफओ आशीष कुमार, जीविका बीपीएम रंजन कुमार, कैलाश गुप्ता, रिंकू जायसवाल, अमीरचंद दास, पीएम सोलर योजना के पंजीकृत विक्रेता के प्रतिनिधि कृष्ण कुमार, आशुतोष कुमार, उज्वल कुमार सहित अन्य विद्युत कर्मी व उपभोक्ता उपस्थित थे।