मधेपुरा में बदमाशों ने युवक पर की फायरिंग: सिर में लगी पहली गोली, दूसरी पीठ में; हालत गंभीर
मधेपुरा के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक युवक दिलखुश कुमार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक को सिर और पीठ में गोली लगी है। ...और पढ़ें
-1783518977547_m.webp)
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जख्मी युवक को देखने पहुंचे ग्रामीण व स्वजन। फोटो जागरण
HighLights
मुरलीगंज में युवक दिलखुश कुमार को बदमाशों ने गोली मारी।
सिर और पीठ में गोली लगने से युवक की हालत गंभीर।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू की, इलाके में दहशत।
संवाद सूत्र, मुरलीगंज (मधेपुरा)। मुरलीगंज थाना क्षेत्र की दिनापट्टी सखुआ पंचायत में बुधवार की शाम लगभग 5 बजे बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक के सिर में एक गोली लगी है, जबकि दूसरी गोली उसकी पीठ में गर्दन के समीप लगी है।
घायल युवक की पहचान सुखवा पंचायत के वार्ड 10 निवासी फूलचंद पासवान के पुत्र दिलखुश कुमार (24) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
स्वजन ने घायल युवक को तुरंत सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. मेराज आलम ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

(सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरलीगंज से रेफर किए जाने के बाद घायल को एंबुलेंस से हायर सेंटर ले जाते स्वजन)
घटना के संबंध में दिलखुश की पत्नी लवली देवी ने बताया कि 5-6 बदमाश पहले उनके घर पहुंचे और दिलखुश के बारे में पूछताछ करने लगे। आम आदमी समझकर उन्होंने बताया कि दिलखुश नहर की ओर गए हुए हैं।
इसके बाद सभी बदमाश नहर की ओर चले गए। आशंका होने पर स्वजन भी पीछे-पीछे चल पड़े। बदमाशों ने पहले दिलखुश की बेरहमी से पिटाई की और फिर उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद सभी बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
स्वजन अनुसार दिलखुश पर दो फायरिंग की गई, जिसमें एक गोली उसके सिर में और दूसरी पीठ में लगी है। घटना की सूचना मिलते ही मुरलीगंज थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल से घटना की जानकारी लेने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। युवक गंभीर रूप से घायल है और उसे हायर सेंटर ले जाया गया है। इनपुट प्राप्त होने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।