तेज रफ्तार ट्रक ने 30 मीटर तक छात्र को घसीटा, मधेपुरा में कोचिंग जा रहे स्टूडेंट की मौत
मधेपुरा के उदाकिशुनगंज में एनएच 106 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने कोचिंग जा रहे 14 वर्षीय छात्र देवराज कुमार को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ...और पढ़ें

इसी ट्रक से हुआ हादसा। (जागरण)
HighLights
तेज रफ्तार ट्रक ने 14 वर्षीय छात्र को कुचला
एनएच 106 पर उदाकिशुनगंज में दर्दनाक हादसा
आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर मुआवजा मांगा
संवाद सूत्र, उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)। उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 में एनएच 106 पर पटेल चौक और कॉलेज चौक के बीच एक तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार किशोर को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान नगर परिषद के वार्ड संख्या 22 जमुनिया गांव निवासी अरबिंद यादव के पुत्र देवराज कुमार (14) के रूप में हुई है। देवराज इकलौता पुत्र था।
सातवीं कक्षा के छात्र देवराज सोमवार की सुबह साइकिल से कोचिंग पढ़ने जाने के लिए घर से निकला था। जब्त किए गए ट्रक संख्या बीआर 43जीए 1049 पर पर गिट्टी लदा हुआ है।
30 मीटर तक छात्र को घसीटता चला गया ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक चालक साइकिल सवार किशोर को करीब 30 मीटर दूर तक घसीटता चला गया। जिस कारण किशोर के शरीर के चिथरे हो गए।
इसके बाद चालक गाड़ी लेकर भागने की कोशिश करने लगा लेकिन स्थानीय लोगों ने ट्रक को घेर लिया। हालांकि चालक फरार हो गया। गुस्साए लोगों ने एनएच 106 को जाम कर घटनास्थल पर वरीय अधिकारी को बुलाने और मुआवजा की मांग पर अड़े थे। मौके पर थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार लोगों को समझाने बुझाने में जुटे रहे।
ट्रक मालिक और ड्राइवर की पहचान में जुटी पुलिस
इधर, बेटे की मौत की खबर सुन घटनास्थल पर पहुंचे स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल था। लोग स्वजन को दिलासा दिलाते रहे। वहीं सूचना पर बीडीओ गुलजारी पंडित पहुंचे। तत्काल स्वजन को पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हज़ार रुपये का चेक दिया गया।
बीडीओ सह प्रभारी सीओ गुलजारी पंडित ने बताया कि इसके बाद मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि ट्रक जब्त कर लिया गया है। इस संदर्भ में मामला दर्ज किया जाएगा। ट्रक चालक और मालिक की पहचान की जा रही है।
खबरें और भी
स्पीड ब्रेकर बनवाने का आश्वासन
घटना की सूचना पर अनमंडलाधिकारी पंकज कुमार घोष भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने भी घटना की जानकारी प्राप्त की। लोगों की मांग पर स्पीड नियंत्रण और रोड ब्रेकर को लेकर आश्वासन दिया।
एसडीएम ने कहा कि इस संदर्भ में वरीय और विभागीय अधिकारियों से बात की जाएगी। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। रफ्तार पर ब्रेक लगाने की मांग की गई।
यह भी पढ़ें- बेगूसराय में बरात से लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत, एक घायल