मधुबनी: टेलीग्राम पर टास्क के जाल में फंसी सिपाही की पत्नी, ₹1.77 लाख की हुई साइबर ठगी
मधुबनी में एक चालक सिपाही की पत्नी से साइबर ठगों ने टेलीग्राम पर ऑनलाइन नौकरी का झांसा देकर 1.77 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता ने साइबर थाने में शिकायत दर ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
सिपाही की पत्नी से टेलीग्राम पर ऑनलाइन ठगी।
टास्क पूरा करने के बहाने 1.77 लाख रुपये लूटे।
साइबर थाने में शिकायत, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। मधुबनी पुलिस लाइन में कार्यरत एक चालक सिपाही की पत्नी से साइबर ठगों ने आनलाइन नौकरी और अधिक कमाई का झांसा देकर 1.77 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क कर पहले छोटे-छोटे टास्क पूरे करवाए। भरोसा जीतने के लिए कुछ राशि भी दी।
इसके बाद बड़े मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआइ के जरिये लगातार पैसे जमा कराते रहे। पीड़ित दंपति ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
चालक सिपाही ने बताया कि उनकी पत्नी को टेलीग्राम पर एक आइडी के माध्यम से टास्क आधारित आनलाइन नौकरी का प्रस्ताव मिला था। शुरुआती टास्क पूरे करने पर भुगतान मिलने से उन्हें ठगों पर भरोसा हो गया। इसके बाद अधिक कमाई का प्रलोभन देकर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराने का सिलसिला शुरू हुआ।
17 से 20 अप्रैल के बीच 11 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिये कुल 1,77,300 रुपये ठगों के खातों में भेज दिए गए। जब पीड़ित ने अपनी राशि वापस मांगी तो ठग 40 हजार रुपये लौटाने का आश्वासन देते रहे, लेकिन हर बार नए टास्क पूरा करने और अतिरिक्त राशि जमा करने की शर्त रखकर उन्हें गुमराह करते रहे।
ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
खबरें और भी
जिन बैंक खातों में राशि भेजी गई है, उन्हें फ्रीज कराने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही संबंधित टेलीग्राम आइडी, यूपीआइ ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की तकनीकी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- पटना नगर निगम रिपोर्ट कार्ड: खराब स्ट्रीट लाइट-कचरा गाड़ी सबसे बड़ी परेशाी, 6 महीने में आईं 15,719 शिकायतें
यह भी पढ़ें- भोजपुर हाईवे पर सड़क हादसा: स्कार्पियो-ट्रेलर की टक्कर में 3 की मौत, एक घायल