Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नेपाल में पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ीं, भारतीय सीमा पर सस्ता तेल लेने आ रहे नेपाली वाहन; चेक करें रेट

    Updated: Wed, 20 May 2026 05:21 PM (IST)

    नेपाल में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार वृद्धि के कारण नेपाली वाहन चालक सस्ता ईंधन लेने के लिए भारतीय सीमावर्ती पेट्रोल पंपों पर आ रहे हैं। ...और पढ़ें

    भारतीय सीमा पर सस्ता तेल लेने आ रहे नेपाली वाहन (जागरण)

    भारतीय सीमा पर सस्ता तेल लेने आ रहे नेपाली वाहन (जागरण)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सहयोगी, मधवापुर (मधुबनी)। पश्चिमी देशों में युद्ध के चलते पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि का असर भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में देखा जा रहा है।

    पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में पांचवीं बार हुई बढ़ोतरी ने वहां के वाहन मालिकों के समक्ष संकट उत्पन्न कर दिया है। इसका असर यह है कि सस्ता तेल पाने के लिए बड़ी संख्या में नेपाली दोपहिया वाहन भारतीय क्षेत्र की ओर रुख कर रहे हैं।

    सीमा से सटे मधवापुर प्रखंड क्षेत्र के मधवापुर, साहरघाट एवं सीतामढ़ी जिला के चोरौत पेट्रोल पंप पर इन दिनों सुबह से शाम तक नेपाली दोपहिया वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं।

    कई वाहन मालिक वाहनों की टंकी फुल कराने के साथ-साथ अतिरिक्त तेल भी जर्किन और कैनों में ले जाते हैं। नेपाली नागरिकों की इस भीड़ को देखते हुए भारतीय पेट्रोल व डीजल की तस्करी और कालाबाजारी की आशंका जोर पकड़ने लगी है।

    भारत और नेपाल में ईंधन के दाम में कितना फर्क?

    बताते चलें कि बीते रविवार को नेपाल ऑयल कॉर्पोरेशन ने पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में पांचवीं बार वृद्धि की है। इसके बाद नेपाली पेट्रोल (Nepal Petrol Diesel Price) भारतीय मुद्रा में ₹156.25 प्रति लीटर, जबकि डीजल भारतीय मुद्रा में ₹146.87 तक पहुंच गया है।

    वहीं, भारत में पेट्रोल (India Petrol Diesel Price) ₹110.72 प्रति लीटर और डीजल ₹96.69 प्रति लीटर के आसपास बिक रहा है। इस तरह नेपाल में पेट्रोल भारत से ₹45.53 प्रति लीटर और डीजल ₹50.18 प्रति लीटर महंगा है।

    कीमतों में इस भारी वृद्धि के कारण नेपाली वाहन स्वामी सस्ता तेल लेने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिनमें दोपहिया वाहनों की भीड़ सबसे अधिक देखी जा रही है।

    बीडीओ ने लिया अहम फैसला

    इसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन के बीडीओ सह प्रभारी सीओ मनोज कुमार मुर्मू ने सीमावर्ती पेट्रोल पंपों को सख्त हिदायत देते हुए जर्किन और कैनों में तेल वितरण पर रोक लगा दी है।

    इस स्थिति से स्थानीय आपूर्ति पर दबाव बढ़ने लगा है, वहीं परिवहन और कृषि क्षेत्र पर भी इसका बुरा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

    दूसरी ओर, भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी (SSB) ने बीते दो दिनों से सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है और दोनों देशों से आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच की जा रही है।

    यह भी पढ़ें- बेटी-रोटी के रिश्ते पर खड़ी हुई 'कागज' की दीवार, नेपाल बॉर्डर पर आईडी नहीं तो एंट्री बंद

    यह भी पढ़ें- 'भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी के लिए नई तकनीक का उपयोग करें', CM सम्राट का अफसरों को निर्देश

    खबरें और भी