CM सम्राट चौधरी की बड़ी घोषणाएं: बिहार के सभी स्कूलों में शनिवार को हाफ डे, बीएड कॉलेज होंगे अपग्रेड
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर के तारापुर में शिक्षा, रोजगार और आधारभूत संरचना से जुड़ी कई घोषणाएं कीं, जिसमें असरगंज में नए डिग्री कॉलेज का शुभार ...और पढ़ें
-1785236407268_m.webp)
सीएम सम्राट चौधरी। फोटो जागरण
HighLights
सभी बीएड कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से खुलेंगे डिग्री कॉलेज।
तारापुर के बेरोजगारों को रोजगार, उद्योगों के लिए जमीन चिह्नित।
बिहार के सभी स्कूलों में शनिवार को होगी आधे दिन की पढ़ाई।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुंगेर के तारापुर विधानसभा क्षेत्र के लिए शिक्षा, रोजगार और आधारभूत संरचना से जुड़े कई बड़े घोषणाएं कीं।
असरगंज में रामानंद व परसीराम उच्च माध्यमिक विद्यालय से राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी बीएड कॉलेज में चरणबद्ध तरीके से डिग्री महाविद्यालय खोले जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि असरगंज में डिग्री कॉलेज की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब 14 करोड़ रुपये की लागत से कॉलेज का स्थायी भवन बनेगा। परिसर के आसपास खेल मैदान विकसित करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला प्रशासन को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया है।
बेरोजगारों को मिलेगा काम
उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 211 डिग्री कॉलेज खोले जा चुके थे। असरगंज कॉलेज के शुभारंभ के साथ यह संख्या बढ़कर 212 हो गई है। सभा में मुख्यमंत्री ने तारापुर के विकास को लेकर भी कई घोषणाएं कीं।
उन्होंने कहा कि तारापुर विधानसभा क्षेत्र के एक-एक बेरोजगार युवक-युवती की पहचान कर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने के लिए जमीन चिह्नित की जा रही है। असरगंज के अमैया, बैजलपुर और कर गांव के आसपास प्रस्तावित इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए भी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।
खबरें और भी
शनिवार को आधे दिन ही होगी पढ़ाई
मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में मॉडल विद्यालयों का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। मंगलवार को 10 नए माडल विद्यालयों के उद्घाटन के बाद इनकी संख्या 561 हो गई है। इन विद्यालयों में लाइव क्लास, डिजिटल लर्निंग और नीट-जेईई की तैयारी की विशेष व्यवस्था रहेगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि बिहार के सभी स्कूलों में शनिवार को आधे दिन की पढ़ाई होगी। इससे पहले मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर किसान वैदिक उच्च विद्यालय, लौना में उतरा।
यहां उन्होंने रिमोट के माध्यम से 10 माडल विद्यालयों का उद्घाटन किया, छात्रों से संवाद किया और विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद हरपुर पहुंचकर आदर्श थाना का उद्घाटन किया तथा भवन का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, प्रभारी मंत्री संजय कुमार, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, डीएम निखिल धनराज निपणिकर, एसपी सैयद इमरान मसूद सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- बिहार छात्र आंदोलन पर कांग्रेस आक्रामक; राहुल ने घायलों से की बात, नेता पहुंचे जेल-अस्पताल