त्योहारों से पहले जगमग होगा जमालपुर शहर: 6 प्रमुख सड़कों पर लगेगी लाइट, 66 विकास योजनाओं को मिली हरी झंडी
जमालपुर नगर परिषद ने त्योहारों से पहले शहर की छह प्रमुख सड़कों को रोशनी से जगमग करने का निर्णय लिया है। बैठक में 66 विकास योजनाओं को मंजूरी मिली और सब ...और पढ़ें
-1785411993934_m.webp)
HighLights
छह प्रमुख सड़कों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का निर्णय।
नगर परिषद ने 66 विकास योजनाओं को दी मंजूरी।
समस्याओं के समाधान हेतु वार्डों में लगेंगे सहयोग शिविर।
संवाद सूत्र, जमालपुर (मुंगेर)। पर्व-त्योहार से पहले जमालपुर शहर की प्रमुख सड़कों को रोशनी से जगमग करने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर परिषद की साधारण बोर्ड बैठक में छह मुख्य सड़कों के दोनों किनारों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया।
मुख्य पार्षद पार्वती देवी ने कहा कि त्योहार और मेले के दौरान लोगों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन सुविधा देना नगर परिषद की प्राथमिकता है। कार्यपालक पदाधिकारी विजयशील गौतम ने बताया कि मुख्य पार्षद के निर्देश पर जिन सड़कों को चिन्हित किया गया है, उनमें जमालपुर-मुंगेर मुख्य पथ, महंत चौराहा से डीडी तुलसी रोड होकर रामनगर तालाब तक, छह नंबर गेट से धरहरा रोड होकर फूलका सीमा तक, काली पहाड़ी संपर्क पथ, अल्बर्ट रोड से पोस्ट ऑफिस मोड़ तक तथा जुबली वेल से वंशीधर मोड़ होकर सदर बाजार और रामपुर तक का मार्ग शामिल है।
बैठक में गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के साथ वार्ड पार्षदों की अनुशंसा पर तैयार 66 विकास योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि लंबित और नई योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
सब्जी मंडी में स्टाल आवंटन का मुद्दा बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना। वार्ड पार्षद मुकेश शर्मा ने आरोप लगाया कि कई स्टालधारी अवैध रूप से स्टाल पर कब्जा कर दूसरी जगह दुकान चला रहे हैं और स्टाल से अवैध वसूली कर रहे हैं।
खबरें और भी
उन्होंने सत्यापन कर वास्तविक दुकानदारों या उनके परिजनों को ही स्टाल आवंटित करने की मांग की। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद, प्रधान लिपिक और दो पार्षदों को शामिल कर एक कमेटी गठित करने पर विचार किया जा रहा है। नगर परिषद के रिकार्ड में वर्तमान में 112 स्टालधारी दर्ज हैं।
सहयोग शिविर से समस्याओं की पहचान
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी वार्डों में जल्द सहयोग शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में प्राप्त आवेदनों के आधार पर समस्याओं की सूची तैयार कर उन्हें प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत शीघ्र समाधान के लिए आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि जमालपुर में अलग से एमआरएफ सेंटर नहीं बनेगा। यह परियोजना मुंगेर नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर एकीकृत रूप से संचालित की जाएगी। बैठक में उप मुख्य पार्षद अंजली कुमारी सहित सभी वार्ड पार्षद मौजूद थे।
पार्षदों के बीच हुई तीखी नोक झोक
वार्ड पार्षद साईं शंकर ने कहा पूर्व में दी गई योजना अब तक अधूरी है। सड़कों पर आवारा पशुओं का विचारण हो रहा है। उन्होंने कहा कि अड़गड़ा की जमीन पर रायल पैलेस का निर्माण हो गया है। जिस पर वार्ड पार्षद सह जदयू नेता सोनू मंडल ने कटाक्ष करते हुए कहा कि आप शहर के लोगों को विकास के नाम पर दिगभ्रमित कर रहे हैं। कुछ लोग चर्चा में बने रहने के लिए नगर परिषद प्रशासन को बदनाम कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- मिथिलांचल से रुकेगा पलायन, रैयाम व सकरी चीनी मिल से मिलेगा रोजगार, 20 नवंबर को पीएम रखेंगे आधारशिला
यह भी पढ़ें- नालंदा: ऐतिहासिक बुद्ध मंदिर से लाखों की प्राचीन मूर्तियां चोरी, गांव में मचा हड़कंप
अरगडा में पूर्व से दुकान के लिए स्टाल बना हुआ है और नगर परिषद द्वारा रायल पैलेस का निर्माण करने से शहर के हर तरीके के लोगों को काफी सुविधाएं मिल रही है। विकास कार्यों को लेकर मुख्य पार्षद संवेदनशील है। युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है।
इसके बावजूद कुछ लोगों को विकास नहीं दिखाई दे रहा है। यह वैसे लोग हैं जो निश्चित रूप से विकास में बाधक है। बैठक में वार्ड पार्षद आलोक कुमार, कैलाश सिंह, अमित कुमार चंद्रवंशी, अमित कुमार, राकेश तिवारी, पंकू पासवान, कुमुद देवी, सहायक अभियंता विवेक कुमार, प्रधान लिपिक राजीव कुमार, प्रेम शंकर सहित अन्य मौजूद थे।