मुंगेर में मुखिया हत्याकांड का वांटेड नक्सली वीगन कोड़ा गिरफ्तार, पुलिस को 5 सालों से थी तलाश
मुंगेर पुलिस और एसटीएफ ने मुखिया हत्याकांड के वांछित नक्सली वीगन कोड़ा को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वह 2021 में नवनिर्वाचित मुखिया परमानंद ट ...और पढ़ें

नक्सली वीगन कोड़ा। फाइल फोटो
HighLights
मुंगेर पुलिस ने मुखिया हत्याकांड के वांछित नक्सली को दबोचा।
नवनिर्वाचित मुखिया परमानंद टुडू की हत्या में था फरार।
नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका, यूएपीए एक्ट के तहत मामला।
संवाद सूत्र, धरहरा (मुंगेर)। नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में मुंगेर पुलिस और एसटीएफ को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जमालपुर एसटीएफ की टीम ने लड़ैयाटांड थाना क्षेत्र के चर्चित मुखिया हत्याकांड के वांछित और फरार नक्सली वीगन कोड़ा को दबोच लिया है। पुलिस को यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर किए गए एक सटीक आपरेशन के बाद मिली।
घेराबंदी कर न्यू पैसरा से दबोचा
एसटीएफ जमालपुर को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सली पैसरा निवासी अर्जुन कोड़ा का पुत्र वीगन कोड़ा अपने इलाके में सक्रिय है। इसी आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने न्यू पैसरा गांव के पास जाल बिछाया। पुलिस की घेराबंदी देख नक्सली ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे चारों तरफ से घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
परमानंद टुडू हत्याकांड में था फरार
गिरफ्तार वीगन कोड़ा लड़ैयाटांड थाना कांड संख्या-101/21 का नामजद अभियुक्त है। यह मामला 24 दिसंबर 2021 का है, जब नक्सलियों ने नवनिर्वाचित मुखिया परमानंद टुडू की बेरहमी से हत्या कर दी थी।
इस कांड के बाद से ही वीगन कोड़ा फरार चल रहा था और पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था। उस पर आईपीसी की गंभीर धाराओं के साथ-साथ कठोर यूएपीए एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
नक्सली नेटवर्क को लगा बड़ा झटका
वीगन कोड़ा की गिरफ्तारी मुंगेर के जंगली इलाकों में सक्रिय नक्सली नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका मानी जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उससे पूछताछ में संगठन के अन्य सदस्यों और आगामी साजिशों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
इस गिरफ्तारी से इलाके के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब वीगन कोड़ा को रिमांड पर लेकर आगे की तफ्तीश में जुट गई है।
यह भी पढ़ें- बिहार में विकास परियोजनाओं के मुआवजा भुगतान में देरी पर मुख्यालय की सीधी निगरानी
यह भी पढ़ें- गर्भवती बहन की देखभाल को गई नाबालिग लड़की ने कहा- मेरे जीजा ने मुझे धोखा दिया है, बांका-मुंगेर से जुड़ा है मामला