मुंगेर के रेस्टोरेंट में पुलिस छापामारी से हड़कंप, आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए दो कपल
जमालपुर के गायत्री नगर स्थित चार्ट एंड चीयर्स रेस्टोरेंट में पुलिस ने छापेमारी कर दो प्रेमी युगल को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। स्थानीय लोगों की शिकाय ...और पढ़ें

चार्ट एंड चीयर्स रेस्टोरेंट में शनिवार को पुलिस ने छापेमारी। फोटो जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, जमालपुर (मुंगेर)। जमालपुर थाना क्षेत्र के गायत्री नगर स्थित चार्ट एंड चीयर्स रेस्टोरेंट में शनिवार को पुलिस ने छापेमारी कर दो प्रेमी युगल को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। पुलिस सभी को थाना लाकर पूछताछ की, जहां आधार कार्ड के माध्यम से पहचान का सत्यापन किया गया।
जांच में सभी के बालिग होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उनके अभिभावकों को थाने बुलाकर पीआर बांड भरवाया गया और आवश्यक हिदायत के साथ छोड़ दिया गया।
दरअसल, बीते कई दिनों से स्थानीय लोगों द्वारा थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान को सूचना मिल रही थी कि रेस्टोरेंट की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
शनिवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि रेस्टोरेंट के अंदर बने प्राइवेट केबिन में दो प्रेमी युगल मौजूद हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपर थानाध्यक्ष टीपू सुल्तान एवं महिला दरोगा कंचन कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम को रेस्टोरेंट भेजा।
पुलिस के पहुंचते ही रेस्टोरेंट में अफरातफरी मच गई। पुलिस टीम जब केबिन तक पहुंची तो वहां से दो प्रेमी युगल को पकड़ा गया। मौके पर स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर चारों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया।
पूछताछ के दौरान पता चला कि एक युवक लखीसराय जिले के मेदनी चौकी का निवासी है, जबकि दूसरा युवक सफियाबाद थाना क्षेत्र के फरदा गांव का रहने वाला है। वहीं एक युवती मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र की है, जबकि दूसरी युवती भागलपुर जिले के घोरघट की रहने वाली बताई गई।
पुलिस की कार्रवाई की हो रही प्रशंसा
गायत्री नगर स्थित रेस्टोरेंट में हुई पुलिस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल है। लोगों ने जमालपुर पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से सामाजिक माहौल बिगड़ता है। रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे कथित गलत धंधों पर सख्ती जरूरी है।
खबरें और भी
स्थानीय लोगों ने दबी जुबान से यह भी चर्चा की कि इसी भवन के पीछे संचालित एक चाय-कॉफी की दुकान में पूर्व में सेक्स रैकेट की शिकायत मिली थी, जिसे 25 जनवरी को जमालपुर पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम की संयुक्त जांच के बाद सील कर दिया गया था।
लोगों ने मकान मालिकों द्वारा बिना सत्यापन किराए पर दुकान देने के मामले में भी पुलिस से संज्ञान लेने की मांग की।
एक माह पूर्व लीज पर दिया गया था रेस्टोरेंट
छापेमारी के बाद रेस्टोरेंट के स्वामित्व को लेकर पूछताछ की गई। इस संबंध में जमालपुर विधानसभा से महागठबंधन के प्रत्याशी नरेंद्र तांती ने बताया कि यह दुकान मकान मालिक से एग्रीमेंट के तहत ली गई थी, जिसे अपनी व्यक्तिगत व्यस्तताओं के कारण एक माह पूर्व सत्यम नामक युवक को लीज पर दे दिया गया था।
थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि जनता से लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिस पर कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई। रेस्टोरेंट संचालक एवं मकान मालिक को सख्त हिदायत दी जाएगी और भविष्य में इस प्रकार की शिकायत मिलने पर सील करने की कार्रवाई भी की जाएगी।