मुंगेर: मस्जिद मोड़ और फोरलेन सर्विस रोड पर लगेंगे बैरियर, मेला के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
मुंगेर में श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन ने सड़क और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
डीएम ने श्रावणी मेला सड़क निर्माण का निरीक्षण किया।
धीमी गति पर नाराजगी, संसाधन बढ़ाने के निर्देश दिए।
मस्जिद मोड़ पर बैरियर, भारी वाहनों पर रोक लगेगी।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन ने सड़क और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने तेलिया तालाब के समीप भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई। डीएम ने कार्यकारी एजेंसी को संसाधन और मानवबल बढ़ाकर निर्माण काम में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालु और कांवरिये इस मार्ग से गुजरेंगे। ऐसे में सड़क हर हाल में सुरक्षित और सुगम होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नौवागढ़ी मस्जिद मोड़ और मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन के सर्विस रोड के समीप बैरियर लगाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मेला अवधि में इन मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाई जाए, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस, परिवहन और संबंधित विभागों को समन्वय के साथ बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।
डीएम ने कहा कि निर्माण कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जाए और तय समय-सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्वक पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान एडीएम मनोज कुमार, एनएचएआई के अधिकारी और कार्य एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- अजगैवीनाथ धाम में 4 राज्यों के बांस से बन रहे कांवर, बंगाल के कांवरियों को भा रहा तारकेश्वरी रूप, वजह हैं भोलेबाबा