Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Students Protest: मुंगेर में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, SP पर फेंकी पानी की बोतल; फाड़े सरकारी पोस्टर

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 04:35 PM (GMT+05:30)

    मुंगेर में छात्रों ने नीट पेपर लीक और दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने समाहरणालय तक मार्च निकाला, निष्पक्ष जां ...और पढ़ें

    मुंगेर में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, SP पर फेंकी पानी की बोतल; फाड़े सरकारी पोस्टर

    मुंगेर में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, SP पर फेंकी पानी की बोतल; फाड़े सरकारी पोस्टर

    HighLights

    1. नीट पेपर लीक और दिल्ली लाठीचार्ज के खिलाफ मुंगेर में प्रदर्शन।

    2. छात्रों ने निष्पक्ष जांच और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।

    3. प्रदर्शन के दौरान एसपी पर पानी की बोतल फेंकी गई।

    जागरण संवाददाता, मुंगेर। नीट पेपर लीक और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को मुंगेर की सड़कों पर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। आरडी एंड डीजे कॉलेज से निकले विरोध मार्च में बड़ी संख्या में विद्यार्थी व शहर के युवा शामिल हुए।

    यह जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए समाहरणालय पहुंचा। इस दौरान कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने सरकारी प्रचार वाले होर्डिंग फाड़ दिए। वहीं, समाहरणालय के बाहर धरना और नारेबाजी के बीच पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा।

    तिरंगा और क्रांतिकारियों की तस्वीरें लेकर निकले छात्र

    आरडी एंड डीजे कॉलेज के समीप बड़ी संख्या में जुटे विद्यार्थी व युवा तिरंगा के साथ महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद की तस्वीरें हाथों में लेकर निकले।

    जुलूस मां अंबे चौक, गोला रोड, कस्तूरबा वाटर वर्क्स चौक, भगत सिंह चौक, एक नंबर ट्रैफिक होते हुए किला और शहीद स्मारक के रास्ते समाहरणालय पहुंचा। पूरे रास्ते शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्र हितों को लेकर नारे गूंजते रहे।

    WhatsApp Image 2026-07-23 at 4.24.36 PM

    पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

    प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नीट पेपर लीक की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की।

    खबरें और भी

    साथ ही दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। एक छात्रा ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों के शासनकाल में पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं, इसलिए पूरे सिस्टम में सुधार जरूरी है।

    किला के पास उग्र हुए कुछ छात्र

    मार्च शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रहा था, लेकिन किला मुख्य द्वार के समीप कुछ आंदोलनकारी उग्र हो गए। सड़क किनारे लगे सरकारी प्रचार वाले होर्डिंग के पोस्टर एक-एक कर फाड़ दिए गए। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखी, हालांकि किसी प्रकार का बल प्रयोग नहीं किया गया।

    एसपी पहुंचे, समझाने का किया प्रयास

    समाहरणालय के मुख्य गेट पर छात्र धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। भीड़ को देखते हुए एसपी सैयद इमरान मसूद मौके पर पहुंचे और छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने की अपील की। इसी दौरान भीड़ की ओर से पानी की एक बोतल एसपी की तरफ फेंकी गई, हालांकि वह उन्हें नहीं लगी।

    एसपी ने बताया कि छात्रों ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों का ज्ञापन डीएम को सौंपा है। विरोध मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल थीं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे रूट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। उन्होंने छात्रों से भविष्य में भी शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील की।

    यह भी पढ़ें- कटिहार के बाद दरभंगा में बवाल: पत्थरबाजी में SP घायल; पुलिस ने छात्रों पर भांजी लाठियां, दागे आंसू गैस के गोले

    यह भी पढ़ें- बिहार के कटिहार में बवाल, DM ऑफिस के बाहर छात्रों पर लाठीचार्ज; पत्थरबाजी में सदर CO घायल