श्रावणी मेला 2026: मुंगेर में कांवड़ियों के लिए बना ट्रैफिक प्लान, 24 घंटे तैनात रहेगी QRT
मुंगेर में 30 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावणी मेले के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मास्टर प्लान तैयार किया है। कांवड़ियों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए 24 ...और पढ़ें

कांवड़ियों के लिए विशेष प्लान ( एआई जेनरेटेड तस्वीर )
HighLights
श्रावणी मेले के लिए मुंगेर में ट्रैफिक मास्टर प्लान तैयार।
कांवड़ियों की सुविधा हेतु 24 घंटे QRT टीमें तैनात होंगी।
संग्रामपुर-असरगंज मार्ग पर भारी वाहनों का परिचालन बंद।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। एक माह तक चलने वाला श्रावणी मेला 30 जुलाई से शुरू होगा। श्रावणी मेला में देश भर के विभिन्न राज्यों खासकर उत्तर बिहार के जिलों से प्रतिदिन हजारों वाहनों पर सवार होकर यात्री सुल्तानगंज पहुंचते हैं। भागलपुर के विक्रमशिला सेतु से भारी वाहनों का आवागमन बंद रहने के कारण उत्तर बिहार के जिलों से कांवरिया वाहन मुंगेर कृष्णा सेतु होकर सुलतानगंज पहुंचेंगे।
ऐसे में मुंगेर जिले से गुजरने वाले एनएच 80 और फोरलेन पर कांवरिया वाहनों का दबाव अधिक रहेगा। अत्यधिक वाहनों के दबाव के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हो और कांवड़िया वाहन आराम से परिचालन कर सकें, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। व्यापक ट्रैफिक प्रबंधन योजना का प्रस्ताव एसपी और डीएम को भेजा गया है।
क्विक रिस्पांस टीम 24 घंटे तैनात
भेजे गए प्रस्ताव में कृष्णा सेतु से लेकर गंगटा, तारापुर और असरगंज तक हाईवे क्लीयरेंस क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) 24 घंटे तैनात करने की सिफारिश की गई है। जाम लगने पर क्यूआरटी जाम को समाप्त कराने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
हर टीम के साथ क्रेन, ट्रैफिक टाली, मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का प्रस्ताव है । ताकि दुर्घटना, वाहन खराब होने या जाम की स्थिति में तत्काल सड़क खाली कराई जा सके। श्रावणी मेला की समाप्ति तक संग्रामपुर- असरगंज मार्ग पर भारी वाहनों का परिचालन बंद कर वैकल्पिक मार्ग होकर परिचालन कराने का प्रस्ताव दिया गया है।
खबरें और भी
चार स्थानों पर रहेगी क्यूआरटी की तैनाती
श्रावणी मेला यातायात प्रबंधन के लिए तैयार कार्य योजना के तहत मुंगेर के सीमावर्ती पांच जिला के ट्रैफिक क्लीयरेंस क्यूआरटी का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। जो अपने अपने क्षेत्र में जाम को क्लीयरेंस कराएंगे।
मुंगेर जिला में जाम से निबटने के लिए चार स्थानों कृष्णा सेतु चेकपोस्ट, तेलिया तालाब, कल्याणपुरऔर कल्याणपुर फोरलेन पर क्यूआरटी की तैनाती का प्रस्ताव दिया गया है।
इसके अलावा लखीसराय जिलान्तर्गत सूर्यगढ़ा के समीप, जमुई जिला में लक्ष्मीपुर के समीप, खगड़िया जिला में मुफ्फसिल थाना के समीप, और बेगूसराय में साहेबपुर कमाल थाना के समीप क्यूआरटी की तैनाती का प्रस्ताव दिया गया है।
तीन पालियों में 24 घंटे सक्रिय
हाईवे क्लीयरेंस क्यूआरटी तीन पालियों में 24 घंटे सक्रिय रहेगी। टीम को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जाम हटाने और यातायात सामान्य करने की जिम्मेदारी होगी। स्थानीय थाना पुलिस भी इसमें सहयोग करेगी। आपात स्थिति में सभी क्युआरटी एक-दूसरे की मदद करेंगी। ट्रैफिक व्यवस्था की पल-पल की जानकारी के लिए एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा।
इसमें आयुक्त, डीआईजी, सभी जिलों के डीएम-एसपी, ट्रैफिक डीएसपी, एसडीओ, एसडीपीओ, थानाध्यक्ष और ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मी शामिल रहेंगे। प्रत्येक घंटे सड़क की स्थिति से संबंधित फोटो, वीडियो और रिपोर्ट साझा की जाएगी।
इस व्यवस्था का उद्देश्य श्रावणी मेले के दौरान हाईवे को जाम मुक्त रखते हुए कांवरियों और आम लोगों की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाना है।
संग्रामपुर-असरगंज मार्ग पर बंद रहेगा भारी वाहनों का परिचालन
ट्रैफिक पुलिस द्वारा तैयार मास्टर प्लान के अनुसार 28 जुलाई से श्रावणी मेला की समाप्ति तक संग्रामपुर- असरगंज मार्ग स्टेट हाइवे-22 होकर सभी प्रकार के भारी व्यावसायिक वाहनों का परिचालन पूर्णत: बंद रखने का प्रस्ताव दिया गया है।
इस दौरान वैकल्पिक मार्ग संग्रामपुर-गंगटा- खड़गपुर, बरियारपुर, तेलिया तालाब होकर भारी व्यावसायिक वाहनों का परिचालन सुनिश्चित कराने का प्रस्ताव भेजा गया है। इसके साथ ही घोरघट से बरियारपुर के बीच सभी भारी व्यावसायिक वाहनों का परिचालन बंद रखने का प्रस्ताव दिया गया है।
छोटे वाहनों का परिचालन तेलिया तालाब, एवं मस्जिद मोड़ से पाटम होते फोरलेन से सुल्तानगंज तक परिचालन कराने का प्रस्ताव है। सफियासराय हवाई अड्डा एवं डीजे कॉलेज खेल मैदान में पार्किंग स्थल बनाने का प्रस्ताव है।
ताकि हाईवे पर बड़े वाहनों का जाम लगने की स्थिति में वाहनों को चिन्हित पार्किंग स्थलों में कुछ घंटा के लिए पार्किंग करा कर कांवरिया वाहनों का आवागमन सुचारू बनाया जा सके।
कांवड़िया वाहनों का आवागमन सुगम रहे और श्रद्धालु को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसको लेकर व्यापक कार्य योजना तैयार की गयी है। जाम से निपटने के लिए क्यूआरटी का गठन किया गया है। - सैयद इमरान मसूद, एसपी, मुंगेर।
यह भी पढ़ें- कांवड़ियों के स्वागत के लिए मुंगेर तैयार, लेजर शो से दिखेगी शिव महिमा; हाईटेक टेंट सिटी में मिलेगी VIP सुविधा