मुजफ्फरपुर में बाइक पर मिला युवक का लहूलुहान शव, सिर में आर-पार गहरा छेद देख पुलिस भी हैरान
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में एक युवक का लहूलुहान शव बाइक पर मिला, जिसके सिर में गहरा छेद देख पुलिस भी हैरान है। ...और पढ़ें

बाइक पर मिला युवक का शव
HighLights
मुजफ्फरपुर में बाइक पर युवक का लहूलुहान शव बरामद।
सिर में गहरे छेद से हत्या की आशंका, पुलिस हैरान।
रुपये के लेन-देन और सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर।अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ पैगंबरपुर ढाब इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बाइक पर युवक का लहूलुहान शव बरामद किया गया। मृतक के सिर में आर-पार गहरा जख्म देखकर पुलिस भी हैरान है। शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि सिर में यह छेद किसी लोहे की छड़ से गोदकर किया गया है या फिर नजदीक से गोली मारी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है।
स्थानीय लोगों ने कोल्हुआ पैगंबरपुर ढाब के समीप एक बाइक पर युवक को संदेहास्पद स्थिति में बैठे देखा। जब लोग नजदीक गए तो युवक के सिर से खून बह रहा था और उसकी मौत हो चुकी थी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय अहियापुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने मौके पर जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया। एफएसएल टीम ने जांच के लिए नमूने इकट्ठे किए हैं।
खबरें और भी
भुरकुरवा गांव का रहने वाला है मृतक
पुलिस छानबीन में मृतक की पहचान राकेश कुमार (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मोतीपुर थाना क्षेत्र के जमालाबाद, चक्की भुरकुरवा ग्राम का रहने वाला था। उसके पिता का नाम फकुली भगत बताया गया है।
युवक अहियापुर इलाके में किस काम से आया था और उसकी हत्या किसके द्वारा की गई, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है। प्रथम दृष्टया पुलिस हत्या के एंगल पर तहकीकात में जुटी है। रुपये की लेन-देन में हत्या की संभावना जताई जा रही है।
छड़ से गोदा या मारी गोली? असमंजस में पुलिस
मृतक के सिर के जख्म ने मौैतकी गुत्थी को उलझा दिया है। सिर में आर-पार छिद्र (छेद) होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि हत्या की इस वारदात को किस हथियार से अंजाम दिया गया।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मौत छड़ जैसी किसी नुकीली वस्तु के आर-पार होने से हुई है या फिर सिर में गोली मारी गई है।
अहियापुर थाना के एसआई पिंकू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। मृतक के स्वजन को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस आसपास के लगे सीसी कैमरा की फुटेज को खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि राकेश कुमार आखिरी बार किसके साथ देखा गया था। जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।