Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुजफ्फरपुर में रघई घाट पर नदी किनारे मिला महिला का शव, 2 दिनों से थी लापता

    By Keshav PandeyEdited By: Nishant Bharti
    Updated: Fri, 07 Aug 2026 11:18 AM (IST)

    मुजफ्फरपुर के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के रघई घाट पर एक विवाहिता का शव नदी किनारे मिला, जो दो दिनों से लापता थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजक ...और पढ़ें

    नदी किनारे मिला महिला का शव

    नदी किनारे मिला महिला का शव

    HighLights

    1. विवाहिता का शव मुजफ्फरपुर के रघई घाट पर मिला।

    2. मृतका सुमित्रा देवी दो दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता थी।

    3. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर जांच शुरू की।

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के रघई घाट पर शुक्रवार की सुबह नदी किनारे एक विवाहिता का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव को देखने के लिए स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। 

    सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतका की पहचान टेंगरारी धपहर गांव के राजू सहनी की 29 वर्षीय पत्नी सुमित्रा देवी के रूप में की है। बताया जा रहा है कि मृतका बीते दो दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में घर से लापता थी।

    सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने देखा शव 

    जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह जब कुछ ग्रामीण रघई घाट की तरफ गए, तो उन्होंने नदी किनारे पानी में एक महिला का शव उपलाते हुए देखा। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई और रघई घाट पर लोगों का तांता लग गया। 

    स्थानीय स्तर पर खोजबीन और सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और हुलिए के आधार पर शव की पहचान सुमित्रा देवी के रूप में की। मृतका की शिनाख्त होते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    दो दिन पहले घर से हुई थी लापता

    स्वजन ने बताया कि सुमित्रा दो दिन पहले अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन और सगे-संबंधियों के यहां पता करने के बाद भी उसका कहीं सुराग नहीं मिल पाया था। परिजन उसकी तलाश में जुटे ही थे कि शुक्रवार की सुबह नदी किनारे उसका शव मिलने की हृदयविदारक सूचना मिली।

    खबरें और भी

    घटना की जानकारी मिलते ही सिवाईपट्टी थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 

    थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।

    यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में घर से 300 मीटर दूर मिली अचेत नाबालिग, दुष्कर्म की आशंका; SKMCH में इलाज जारी