बिहार में सड़क से सोशल मीडिया तक कार्रवाई, उपद्रवियों के साथ ब्लॉगर-यूट्यूबर भी रडार पर
पुलिस ने मुजफ्फरपुर में प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ और सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो फैलाने के मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। नौ ब्लॉगर-यूट्यूबर चिह्न ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । मुजफ्फरपुर में गुरुवार को हुए प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ के बाद इंटरनेट मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
मामले में साइबर थाने की पुलिस ने अब तक नौ ब्लागर और यूट्यूबर को चिह्नित किया है। इन सभी पर प्राथमिकी दर्ज करने की कवायद की जा रही है। इनके द्वारा इंटरनेट मीडिया पर डाले गए वीडियो और पोस्ट की साइबर सेल गहनता से जांच कर रही है।
इंटरनेट मीडिया अकाउंट्स से प्रदर्शन से जुड़े भड़काऊ संदेश, आपत्तिजनक भाषा और माहौल बिगाड़ने वाली सामग्री को डिजिटल साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया गया है। आगे इन सभी पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामले में सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ व आपत्तिजनक वीडियो डालने वाले नौ ब्लागर और यूट्यूबर को चिह्नित किया है। इन सभी पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध इंटरनेट मीडिया अकाउंट्स और वीडियो की डिजिटल जांच की जा रही है। इलेक्ट्रानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में यदि किसी की भूमिका कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या हिंसा भड़काने में सामने आती है तो उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
तोड़फोड़ मामले में 100 पर कराई जा चुकी प्राथमिकी, कई की पहचान
मुजफ्फरपुर । बिहार बंद से पूर्व गुरुवार को प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर से लेकर विभिन्न इलाकों में तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में नगर थाना में 100 से अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है।
पुलिस सीसी फुटेज, वीडियो रिकार्डिंग और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान में जुटी है। अब तक की जांच में आधे दर्जन से अधिक उपद्रवियों की पहचान की बात सामने आई है। इन सभी की गिरफ्तारी को लेकर कई जगहों पर छापेमारी की गई। लेकिन अब तक कोई पकड़ा नहीं गया गया है।
खबरें और भी
आठ उपद्रवियों पर जारी किया जा चुका इनाम
पुलिस की ओर से आठ उपद्रवियों का तस्वीर जारी कर इनाम की घोषणा की जा चुकी है। पुलिस की ओर से जल्द ही इन सभी को गिरफ्तार कर लिए जाने का दावा किया जा रहा है। इसके लिए कवायद की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से इंटरनेट मीडिया पर किसी भी अपुष्ट या भड़काऊ सामग्री को साझा करने से बचने की भी अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले या अफवाह फैलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।