मुजफ्फरपुर के रास्ते दौड़ेंगी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें, RRB अभ्यर्थियों को मिलेगी बड़ी सुविधा
रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की लेवल-1 परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए पूर्व मध्य रेल ने दानापुर और पूर्णिया कोर्ट के बीच दो जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
HighLights
आरआरबी लेवल-1 परीक्षा के लिए स्पेशल ट्रेनें शुरू।
दानापुर-पूर्णिया कोर्ट के बीच 3 से 6 अगस्त तक संचालन।
मुजफ्फरपुर सहित उत्तर बिहार के छात्रों को लाभ।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की लेवल-1 परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है।
परीक्षा के दौरान यात्रियों की भीड़ और सीटों की समस्या को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने दानापुर और पूर्णिया कोर्ट के बीच दो जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है।
ये ट्रेनें मुजफ्फरपुर जंक्शन सहित उत्तर बिहार के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी, जिससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी।
तीन से छह अगस्त तक होगा संचालन
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि रेलवे भर्ती बोर्ड की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) को ध्यान में रखते हुए तीन से छह अगस्त तक परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों का उद्देश्य अभ्यर्थियों को भीड़भाड़ से राहत देते हुए समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाना है।
इस रूट से गुजरेंगी स्पेशल ट्रेनें
दोनों जोड़ी स्पेशल ट्रेनें दानापुर और पूर्णिया कोर्ट के बीच चलेंगी। इनका परिचालन पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर जंक्शन, समस्तीपुर, बरौनी, मानसी और सहरसा होते हुए किया जाएगा। इससे उत्तर बिहार के बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।
जानिए ट्रेनों का शेड्यूल
ट्रेन संख्या 03201/03202 पूर्णिया कोर्ट-दानापुर-पूर्णिया कोर्ट परीक्षा स्पेशल दो एवं चार अगस्त को पूर्णिया कोर्ट से तथा तीन एवं पांच अगस्त को दानापुर से रवाना होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 03207/03208 तीन एवं पांच अगस्त को पूर्णिया कोर्ट से तथा चार एवं छह अगस्त को दानापुर से संचालित की जाएगी।
मुजफ्फरपुर में आगमन और कोच व्यवस्था
दोनों स्पेशल ट्रेनों का मुजफ्फरपुर जंक्शन पर आगमन रात 12:15 बजे होगा, जबकि वापसी के दौरान रात 10:20 बजे यहां पहुंचेगी। पहली जोड़ी की ट्रेन में 20 कोच, जबकि दूसरी जोड़ी में 14 कोच लगाए जाएंगे। इनमें शयनयान, साधारण श्रेणी और एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे।
खबरें और भी
अभ्यर्थियों से रेलवे की अपील
पूर्व मध्य रेल ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि परीक्षा में आने-जाने के लिए इन परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का अधिक से अधिक उपयोग करें।
इससे यात्रा सुगम होगी और नियमित ट्रेनों पर बढ़ने वाले अतिरिक्त दबाव को भी कम किया जा सकेगा। रेलवे ने परीक्षार्थियों से समय से पहले स्टेशन पहुंचने और यात्रा संबंधी जानकारी पहले से प्राप्त कर लेने की भी सलाह दी है।