यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar: ईंट भट्ठा मालिक को ठेकेदार पर भरोसा करना पड़ा महंगा, पैसे गए... नहीं मिला मजदूर; फिर पीटकर मार भी डाला
Bihar Crime लोदीपुर निवासी अरुण कुमार ईंट भट्ठा चलाता था। उसने एक ठेकेदार को मजदूर भेजने के लिए पैसे दिए थे लेकिन अरुण को मजदूर नहीं मिला। उसने ठेकेदा ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, इस्लामपुर (नालंदा): नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के जैतीपुर बाजार में बदमाशों ने लेनदेन के विवाद में गुरुवार को ईंट भट्ठा मालिक की सरेआम लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी।
मृतक युवक की पहचान पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के लोदीपुर निवासी अरुण कुमार के रूप में हुई है। अरुण को स्कॉर्पियो से बाहर खींचकर घटना को अंजाम दिया गया है।
डीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि आरोपित ठेकेदार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मृतक के स्वजन को सूचना दे दी गई है।
ठेकेदार को खोजने जा रहा था अरुण कुमार
अरुण कुमार के रिश्तेदार ने बताया कि अरुण कुमार लोदीपुर गांव में ईंट भट्ठा चलाता था। उसने इस्लामपुर के मोजाहिदपुर गांव के ठेकेदार वीरेंद्र चौहान को भट्ठे पर काम करने के लिए मजदूर भेजने के लिए पैसे दिए थे।
पैसे लेने के बाद भी ठेकेदार ने मजदूर नहीं भेजा। उसी सिलसिले में एक साल से वह ठेकेदार को खोज रहा था। गुरुवार को अरुण अपनी स्कॉर्पियो से ठेकेदार की खोज में वहां पहुंचा था। वे उसके गांव मोजाहिदपुर जा रहा था।
यह भी पढ़ें - Bihar Teacher Recruitment: शिक्षकों के लिए बड़ा एलान, 37 हजार पदों पर होंगी बंपर भर्तियां; जानिए सभी अपडेट
हमलावरों ने पीटकर अरुण को कर दिया अधमरा
संयोग से रास्ते में जैतीपुर बाजार के पास ही ठेकेदार मिल गया। अरुण ने उससे रुपये की मांग की। ठेकेदार आनाकानी करता रहा। इसके बाद अरुण कुमार ने उसे अपनी स्कॉर्पियो में बैठा लिया।
इस बीच ठेकेदार ने अपने स्वजन व समर्थकों को फोन कर बुला लिया। थोड़ी ही देर में दर्जनभर लोग पहुंच गए और स्कॉर्पियो को घेर लिया। पहले लाठी- डंडे से वाहन को क्षतिग्रस्त किया गया।
इसके बाद भट्ठा संचालक को गाड़ी से खींचकर बाहर निकाला गया और लाठी-डंडे, लात-घूसों से उसकी पिटाई शुरू कर दी गई। हमलावरों ने पीटकर उसे अधमरा कर दिया।
यह भी पढ़ें - Bihar Weather: पटना समेत इन 11 जिलों में भारी वर्षा के आसार, काफी दिनों बाद ऑरेंज व येलो के साथ रेड अलर्ट जारी
इस बीच बचाने के लिए कुछ लोग दौड़े तो हमलावर भाग गए। ग्रामीण घायल अरुण को उसी की स्कॉर्पियो से इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने स्कॉर्पियो का पीछा कर रेलवे क्रासिंग के पास रोक लिया। गाड़ी में शव देख पुलिस उसमें बैठे सभी लोगों को थाने ले आई।