नालंदा में JDU नेता के बंद घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी, 48 घंटे के भीतर दूसरी वारदात से मचा हड़कंप
नालंदा के रूपसपुर गांव में जदयू के प्रदेश महासचिव संजयकांत सिन्हा के बंद पैतृक आवास से लाखों के जेवरात और नकदी की चोरी हो गई। ...और पढ़ें
-1785706383835_m.webp)
चोरी के बाद बिखरा हुआ समान। (जागरण)
HighLights
जदयू प्रदेश महासचिव संजयकांत सिन्हा के घर चोरी।
लाखों के जेवरात, नकदी समेत कीमती सामान गायब।
48 घंटे में रूपसपुर में दूसरी बड़ी चोरी।
संवाद सूत्र, हरनौत। थाना क्षेत्र के रूपसपुर गांव में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। महज 48 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी चोरी की वारदात ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी है।
इस बार अज्ञात चोरों ने जनता दल (यू) के प्रदेश महासचिव एवं पूर्व प्रवक्ता संजयकांत सिन्हा के पैतृक आवास को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली। लगातार दूसरी बड़ी घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
एक सप्ताह से बंद था मकान
संजयकांत सिन्हा का परिवार वर्तमान में पटना में रहता है। रूपसपुर स्थित उनका पैतृक मकान पिछले करीब एक सप्ताह से बंद था।
रविवार की सुबह करीब सात बजे जब घर का नौकर साफ-सफाई के लिए पहुंचा तो मुख्य दरवाजे समेत कई कमरों के ताले टूटे मिले। उसने तत्काल इसकी सूचना परिवार के सदस्यों को दी।
स्वजन के पहुंचने पर देखा गया कि लगभग सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने सात से आठ गोदरेज अलमारियों के ताले तोड़ दिए थे।
अलमारियों में रखा सामान बाहर निकालकर कमरों में बिखेर दिया गया था। कई बक्सों और लॉकरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घर का हर कमरा अस्त-व्यस्त था, जिससे स्पष्ट है कि चोरों ने काफी देर तक घर के भीतर रहकर वारदात को अंजाम दिया।
संजय कांत के भांजे रविकांत सिंह ने बताया कि चोरी गए सामान का अंतिम आकलन अभी किया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार 15 से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान चोरी हुई है। महत्वपूर्ण दस्तावेजों का भी मिलान किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वायड ने आसपास के इलाके में सुराग तलाशने का प्रयास किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
खबरें और भी
जल्द होगा खुलासा
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सुनियोजित चोरी का प्रतीत होता है। बंद पड़े मकान का लाभ उठाकर अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है।
लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले के उद्भेदन का प्रयास किया जाएगा।
शुक्रवार की रात भी रूपसपुर गांव में एक बंद पड़े मकान से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के नकद और आभूषण की चोरी हुई थी। उस घटना का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
48 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी चोरी ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने, संदिग्धों की सघन जांच करने तथा दोनों मामलों का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- बिहार में पंचायत ने रेप पीड़िता को थूक चाटने के लिए किया मजबूर, पुलिस ने 4 लोगों को किया गिरफ्तार