Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ट्रेन में पैदा हुआ बेटा, प्लेटफॉर्म पर बेटी; श्रमजीवी एक्सप्रेस में किन्नरों ने कराया महिला का प्रसव

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 04:09 PM (IST)

    दिल्ली से लौट रही एक गर्भवती महिला ने श्रमजीवी एक्सप्रेस में बेटे और बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर बेटी को जन्म दिया। ...और पढ़ें

    किन्नरों ने कराया महिला का प्रसव

    किन्नरों ने कराया महिला का प्रसव

    HighLights

    1. गर्भवती महिला ने ट्रेन में बेटे, प्लेटफॉर्म पर बेटी को जन्म दिया।

    2. किन्नर समाज, जीआरपी और एंबुलेंस कर्मियों ने तुरंत मदद की।

    3. मां-बेटा सामान्य, नवजात बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है।

    जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ। बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को मानवता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। दिल्ली से अपने गांव लौट रही गर्भवती महिला ने श्रमजीवी एक्सप्रेस में पहले बेटे और बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर दूसरी संतान के रूप में एक बच्ची को जन्म दिया। 

    इस कठिन घड़ी में किन्नर समाज, जीआरपी की महिला जवानों और एंबुलेंस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए प्रसूता और दोनों नवजातों की मदद की तथा उन्हें सुरक्षित प्रसव के बाद सदर अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों के अनुसार नवजात बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि मां और नवजात बेटे की स्थिति सामान्य है।

    अचानक महिला को प्रसव पीड़ा शुरू

    बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को इंसानियत की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। अस्थावां थाना क्षेत्र के अमावा गांव निवासी दशरथ बिंद दिल्ली में मजदूरी कर अपनी गर्भवती पत्नी श्यामफूला देवी को लेकर श्रमजीवी एक्सप्रेस से अपने गांव लौट रहे थे। 

    यात्रा के दौरान अचानक महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ट्रेन में मौजूद किन्नरों की मदद से उसने पहले एक बेटे को जन्म दिया।

    प्लेटफॉर्म पर उतरते ही दूसरे बच्चे का जन्म

    इसी बीच ट्रेन बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पहुंची। प्लेटफॉर्म पर उतरते ही महिला की प्रसव पीड़ा दोबारा तेज हो गई और उसने दूसरी संतान के रूप में एक बच्ची को जन्म दिया। इस दौरान स्टेशन पर मौजूद कई लोग मूकदर्शक बने रहे, लेकिन किन्नर समाज और जीआरपी की महिला जवानें तुरंत मदद के लिए आगे आईं। उन्होंने प्रसूता को संभाला, सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और प्रसव कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

    खबरें और भी

    एंबुलेंस पर ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन ) मोहम्मद असगर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि श्रमजीवी एक्सप्रेस में एक महिला ने नवजात को जन्म दिया है। सूचना मिलते ही एंबुलेंस टीम बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन पहुंची। तब तक महिला ट्रेन के अंदर एक बच्चे को जन्म दे चुकी थी। 

    नवजात बच्ची की हालत नाजुक

    स्टेशन पर उतरते ही उसे दोबारा प्रसव पीड़ा होने लगी। किन्नर समाज और जीआरपी की महिला जवानों ने महिला को प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित उतारा। उस समय दूसरे नवजात का आधा शरीर बाहर निकल चुका था। ऐसे में मौके पर ही सुरक्षित प्रसव कराया गया। इसके बाद जच्चा और दोनों नवजातों को एंबुलेंस से बिहारशरीफ सदर अस्पताल पहुंचाया गया। 

    सदर अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में तीनों का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार नवजात बच्ची की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है, जबकि मां और नवजात बेटे की स्थिति सामान्य है।

    घटना के बाद किन्नर समाज, जीआरपी की महिला जवानों और एंबुलेंस टीम की संवेदनशीलता तथा त्वरित कार्रवाई की लोगों ने जमकर सराहना की।

    यह भी पढ़ें- नालंदा में 1.25 करोड़ की डकैती का 72 घंटे में खुलासा, झारखंड के जामताड़ा से चार बदमाश गिरफ्तार