नवादा में तालाब से मिला किशोर का शव, संदिग्ध मौत पर भड़के ग्रामीण; सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
नवादा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय किशोर का शव तालाब से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। शव पर चोट के निशान देख गुस्साए स्वजनों और ग्रामीण ...और पढ़ें
HighLights
14 वर्षीय किशोर का शव तालाब से बरामद।
शव पर चोट के निशान, स्वजन नाराज।
गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, नवादा। नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोनी पहाड़ी के समीप तालाब से एक 14 वर्षीय किशोर का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान वंश कुमार, पिता संतोष कुमार सिन्हा, ग्राम गोनावां के रूप में हुई।
शव मिलने के बाद रोते बिलखते स्वजन काफी नाराज दिखे। गुस्साए लोगों ने नवादा नगर स्थित मुख्य सड़क मार्ग को गोनावां के पास जाम कर दिया। टायर जलाकर सड़क मार्ग को बाधित कर दिया। पुलिस के काफी समझाने-बुझाने के बाद जाम हटाया गया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल नवादा भेजा गया। किशोर के चाचा मुरारी श्रीवास्तव ने बताया कि किशोर शुक्रवार को विद्यालय पढ़ने गया था, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। इसके बाद स्वजन और ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
स्वजन के द्वारा पूछताछ के क्रम में मृत किशोर के एक साथी ने बताया कि चार साथियों के साथ गोनी पहाड़ के पास स्थित तालाब में नहाने गया था। उक्त तालाब किशोर के गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर है। तालाब में नहाने के दौरान एक लड़का डूब गया। सूचना मिलने के बाद स्वजन और ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे। घटना की जानकारी मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई।
खबरें और भी

सूचना पर थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और देर तक तालाब में किशोर की तलाश कराई गई, लेकिन कुछ भी बरामद नहीं हो सका। मौसम खराब होने और वर्षा शुरू होने के कारण पुलिस ने ग्रामीणों और स्वजन को समझाते हुए कहा कि शनिवार की सुबह एसडीआरएफ की टीम बुलाकर दोबारा खोजबीन की जाएगी। इसके बाद सभी लोग वापस लौट गए।
शनिवार सुबह जब स्वजन और ग्रामीण दोबारा तालाब के पास पहुंचे तो किशोर का शव मिला। शव के चेहरे और आंख पर चोट के कई निशान देख स्वजन भड़क उठे।
सड़क जाम के कारण कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने पर लोगों ने जाम हटाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

इधर, मुफस्सिल थाना अध्यक्ष संजीत सिंह ने बताया कि मामले में सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। स्वजन द्वारा आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।