नवादा में बिना जांच पार किया चेकपोस्ट, फिर हाइवे में पलटी शराब से लदी कार; माफिया फिल्मी स्टाइल में हुए फरार
रजौली में झारखंड से शराब ला रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो NH-20 पर पलट गई। चेकपोस्ट से बच निकलने के बाद हुए इस हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो ग ...और पढ़ें

कार से बरामद शराब। फोटो जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, रजौली। झारखंड से शराब की खेप लेकर बिहार की सीमा में दाखिल हुए शराब तस्करों के दुस्साहस और फिर सड़क पर मची चीख-पुकार ने सोमवार को रजौली में सनसनी फैला दी है।
दरअसल, शराब से लदी एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो रजौली चेकपोस्ट से दोपहर बाद बिना जांच के पार करने में तो सफल रही, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
जैसे ही वाहन रजौली बीएसएनएल टावर के ठीक सामने एनएच-20 ब्रिज पर पहुंचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और स्कॉर्पियो स्कॉर्पियो सड़क पर ही बुरी तरह पलट गई।
चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन करीब 100 फीट तक सड़क पर घिसटता रहा और अंततः उसके चारों चक्के आसमान की ओर हो गए।
फिल्मी स्टायल में रेस्क्यू
इस पूरे घटनाक्रम में चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब स्कॉर्पियो के साथ चल रहे एक अन्य 'पासिंग' वाहन ने पलक झपकते ही घायल चालक और धंधेबाजों को अपनी गाड़ी में लादा और मौके से फरार हो गए।
दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि क्षतिग्रस्त वाहन के परखच्चे उड़ चुके थे, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही शराब माफिया अपने साथियों को सुरक्षित निकाल ले जाने में कामयाब रहे।
जांच में जुटी पुलिस
इस संबंध में एसडीपीओ गुलशन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार को एसआई सचिन कुमार, एएसआई सत्यदेव प्रसाद,एएसआई अमित कुमार वर्मा एवं एएसआई के. के. झा के साथ पुलिस बलों को स्थल पर भेजा गया है।
पुलिस मामले की गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है,जिसमें फरार वाहन और धंधेबाजों की तलाश की जा रही है। जब्त दर्जनों कार्टूनों में बंद 180 एमएल वाले जैक फोर्ड और ग्लैन मैक के सैकड़ों बोतलों में बंद कुल 648 लीटर शराब है।
वहीं थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को सड़क से हटाकर किनारे लगाई। उन्होंने बताया कि पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर अनुसंधान में जुट गई है।
यह भी पढ़ें- अब बिना DAC के नहीं मिलेगा सिलिंडर, कालाबाजारी रोकने के लिए LPG कंपनियों के सख्त नियम
यह भी पढ़ें- तेजस्वी यादव पहले मां, बहन और पत्नी का साइन लेकर आएं; शराबबंदी पर सियासी संग्राम के बीच JDU का पलटवार