बांकीपुर उपचुनाव: EVM की हो रही जांच, घर-घर पहुंच रही मतदाता पर्ची
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसमें ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग चल रही है। ...और पढ़ें
-1784398989507_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
बांकीपुर उपचुनाव के लिए ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग जारी।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने को व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा।
बीएलओ, जीविका दीदियां घर-घर मतदाता पर्ची पहुंचा रहीं।
जागरण संवाददाता, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। उपचुनाव में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) फुलवारीशरीफ स्थित ईवीएम वेयरहाउस में चल रही है।
यह जांच अभ्यर्थियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईसीआइएल के इंजीनियरों द्वारा की जा रही है, ताकि मतदान के दौरान मशीनों के संचालन में किसी तरह की परेशानी न हो।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। बीएलओ, जीविका दीदियां और आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदाता पर्ची दे रही हैं। साथ ही लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील भी की जा रही है।
जिला स्तरीय स्वीप कोषांग की ओर से 19 से 26 जुलाई तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 19 जुलाई को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर किशोरी समूह और युवा मतदाताओं के साथ संवाद होगा। 20 जुलाई को 'अपने बूथ को जानें' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
हर घर पहुंचाया जाएगा मतदान का संदेश
21 जुलाई को परिवार संपर्क दिवस के तहत हर घर तक मतदान का संदेश पहुंचाया जाएगा। 22 जुलाई को आईसीडीएस कर्मियों की स्कूटी रैली निकलेगी।
23 जुलाई को जीविका, आशा, आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं के साथ परिचर्चा होगी। 24 जुलाई को सार्वजनिक स्थलों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। 25 जुलाई को 'बूथ चले अभियान' के तहत दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
वहीं, 26 जुलाई को समाहरणालय परिसर में चौपाल कार्यक्रम के दौरान संध्याकालीन रंगोली और मतदान की शपथ दिलाई जाएगी।
जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे उपचुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
यह भी पढ़ें- 25 प्रत्याशी, 1 सीट और अनगिनत समीकरण... बांकीपुर में किसके साथ होगा खेल, कौन होगा फेल?
यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: 'स्कूल का बस्ता' लेकर मैदान में उतरी जन सुराज, BJP के खिलाफ आयोग पहुंची पार्टी