Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बांकीपुर उपचुनाव: AN कॉलेज में वज्रगृह में सील हुईं EVM, 3 अगस्त को होगी मतगणना

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 05:28 AM (IST)

    बांकीपुर उपचुनाव के बाद सभी बूथों से ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच पटना के एएन कॉलेज स्थित वज्रगृह में जमा कराया गया। ...और पढ़ें

    मतगणना केंद्र एएन कॉलेज में लाई गई ईवीएम मशीन। (जागरण)

    मतगणना केंद्र एएन कॉलेज में लाई गई ईवीएम मशीन। (जागरण)

    HighLights

    1. सभी ईवीएम पटना के एएन कॉलेज वज्रगृह में जमा।

    2. 3 अगस्त को मतगणना से बांकीपुर का प्रतिनिधि तय होगा।

    3. वज्रगृह की सुरक्षा में केंद्रीय बल और बिहार पुलिस तैनात।

    जागरण संवाददाता, पटना। मतदान के बाद सभी बूथों से ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच एएन कालेज के कला भवन स्थित वज्रगृह सह मतगणना केंद्र लाया गया। यहां प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सील कर सुरक्षित रखा गया।

    अब तीन अगस्त को मतगणना के दौरान इन ईवीएम का ताला खुलेगा और तय होगा कि बांकीपुर का प्रतिनिधित्व कौन करेगा। मतदान समाप्त होने के बाद पुलिस व केंद्रीय सुरक्षा बलों की निगरानी में ईवीएम को चरणबद्ध तरीके से वज्रगृह तक पहुंचाया गया।

    जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम कुंदन कुमार ने खुद एएन कालेज पहुंचकर ईवीएम जमा कराने व वज्रगृह की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान निर्वाची पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

    उपचुनाव में रिजर्व सहित कुल 569 कंट्रोल यूनिट, 1,146 बैलेट यूनिट और 617 वीवीपैट का उपयोग किया गया। मतदान के दौरान तकनीकी कारणों से बदली गई 14 बैलेट यूनिट, सात कंट्रोल यूनिट और नौ वीवीपैट को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत वज्रगृह में सुरक्षित रखा गया है।

    वज्रगृह की सुरक्षा के लिए बहुस्तरीय व्यवस्था की गई है। परिसर में केंद्रीय सुरक्षा बल व बिहार पुलिस की चौबीसों घंटे तैनाती रहेगी।

    परिसर में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर रोक रहेगी और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। ईवीएम जमा कराने की प्रक्रिया देर रात तक चलने के कारण एएन कालेज और बोरिंग रोड से जुड़े कई मार्गों पर वाहन परिचालन प्रतिबंधित रहा।

    यह भी पढ़ें- बांकीपुर में 7% कम हुई वोटिंग, भाजपा-राजद और जन सुराज ठोक रहे अपनी-अपनी जीत का दावा

    खबरें और भी