Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बांकीपुर उपचुनाव: नामांकन का आज अंतिम दिन, BJP के नीरज सिन्हा और JSP प्रत्याशी प्रशांत किशोर भरेंगे पर्चा

    Updated: Mon, 13 Jul 2026 07:08 AM (GMT+05:30)

    बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन का आज अंतिम दिन है, जिसमें भाजपा के नीरज सिन्हा और जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर पर्चा भरेंगे। ...और पढ़ें

    नीरज सिन्हा और प्रशांत किशोर। फाइल फोटो

    नीरज सिन्हा और प्रशांत किशोर। फाइल फोटो

    HighLights

    1. बांकीपुर उपचुनाव नामांकन का आज अंतिम दिन।

    2. भाजपा के नीरज सिन्हा और प्रशांत किशोर करेंगे नामांकन।

    3. सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए।

    जागरण संवाददाता, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन है। अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

    इसके अलावा अन्य उम्मीदवार भी पर्चा भर सकते हैं। अंतिम दिन अधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए हैं।

    समाहरणालय स्थित पटना सदर अनुमंडल कार्यालय के दूसरे तल पर भूमि सुधार उपसमाहर्ता (डीसीएलआर) के न्यायालय कक्ष में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन होगा।

    नामांकन के बाद मंगलवार को सभी आवेदनों की जांच की जाएगी। 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसी दिन चुनाव चिह्न का भी आवंटन किया जाएगा।

    बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पटना सदर के भूमि सुधार उपसमाहर्ता राघवेंद्र प्रताप सिंह को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है।

    सुरक्षा के कड़े इंतजाम

    जिला निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने नामांकन स्थल पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में जवानों की तैनाती की है।

    प्रत्याशी अधिकतम तीन वाहनों के साथ ही समाहरणालय परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। नामांकन कक्ष में उम्मीदवार के साथ केवल पांच लोगों को जाने की अनुमति होगी।

    नामांकन स्थल पर लाइसेंसी हथियार ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। प्रत्याशियों के अंगरक्षक भी नामांकन कक्ष से 100 मीटर की दूरी पर रहेंगे। पूरी नामांकन प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी।

    गांधी मैदान थाना पुलिस वारंटियों की सूची के साथ मौजूद रहेगी, ताकि किसी वांछित अपराधी को नामांकन कक्ष में प्रवेश न करने दिया जाए। नगर डीएसपी शिवानंद सिंह को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।

    भाजपा बदल चुका है प्रत्याशी

    भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने नामांकन से पहले रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. सीपी ठाकुर, पटना साहिब सांसद रविशंकर प्रसाद और पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल से मुलाकात कर जीत का आशीर्वाद लिया। भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा ''बंटी'' को उम्मीदवार बनाया था।

    उन्होंने नौ जुलाई को नामांकन भी किया, लेकिन अगले दिन पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपनी उम्मीदवारी वापस लेने का पत्र प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को सौंप दिया। इसके बाद भाजपा ने नीरज सिन्हा को उम्मीदवार घोषित किया।

    उधर, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर सोमवार को समर्थकों के साथ बुद्ध मार्ग स्थित स्काउट एंड गाइड मैदान से नामांकन के लिए रवाना होंगे।

    यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: 'मैदान साफ है तो दौड़कर गोल कर लें'; प्रशांत किशोर पर मंत्री श्रवण कुमार का तंज, गिरिराज भी बरसे

    यह भी पढ़ें- BJP ने आखिर क्यों बदला बांकीपुर का उम्मीदवार? अभिषेक बंटी के पिता ने खोला बड़ा राज