बांकीपुर उपचुनाव में सख्ती, 2454 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई; 39 लोग हिरासत में लिए गए
पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुआ, जिसमें 34.30% मतदान दर्ज किया गया और प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। ...और पढ़ें
-1785459997842_m.webp)
मतदान करने के लिए कतार में खड़े लोग। (जागरण)
HighLights
बांकीपुर उपचुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, 34.30% मतदान हुआ।
चुनाव अवधि में 2,454 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई।
कड़ी सुरक्षा के बीच 59 शिकायतें, सभी निस्तारित।
जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी की प्रतिष्ठित बांकीपुर विधानसभा सीट का उपचुनाव गुरुवार को अभेद्य सुरक्षा व कड़ी निगरानी के बीच शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक 34.30 प्रतिशत मतदान हुआ।
भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर समेत 18 दलों व सात निर्दलीय प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई है।
इनमें से 23 पुरुष व दो महिला उम्मीदवार हैं। अब तीन अगस्त को मतगणना के बाद पता चलेगा कि बांकीपुर की जनता ने किसे अपने विकास की जिम्मेदारी सौंपी है।
मतदान के दौरान नियंत्रण कक्ष को 59 शिकायतें मिलीं, जिनका निस्तारण कर दिया गया। मतदान के दौरान कहीं से कोई बड़ी अप्रिय सूचना नहीं मिली।
चुनाव अवधि में 2,454 लोगों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई जबकि 998 गैर जमानती वारंटों का निष्पादन किया गया। आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के पांच मामले दर्ज किए गए।
मतदान के दिन 39 लोगों को गिरफ्तार किया गया या हिरासत में लिया गया। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी 24 घंटे निगरानी रखी गई और भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन किया गया।
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 60 पुरुष, 1 लाख 79 हजार 533 महिला व 23 मंगलामुखी मतदाता हैं। कुल एक लाख 30 हजार 208 मतदाताओं ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
शाम छह बजे दरवाजा बंद होने के पहले जो मतदाता बूथ पर पहुंच गए थे और कतार में लगे थे, सभी का मतदान कराया गया। इसके आंकड़े अभी शामिल नहीं हैं, जिन्हें चुनाव आयोग बाद में जारी करेगा।
569 कंट्रोल यूनिट, 1146 बैलेट यूनिट व 617 वीवीपैट का प्रयोग
मतदान के दौरान ईवीएम व वीवीपैट में आई तकनीकी गड़बड़ियों का तत्काल समाधान किया गया। माक पोल के दौरान 15 बैलेट यूनिट, 10 कंट्रोल यूनिट और आठ वीवीपैट बदले गए।
वहीं, मतदान के दौरान 14 बैलेट यूनिट, सात कंट्रोल यूनिट और नौ वीवीपैट बदलने पड़े। पूरे चुनाव में रिजर्व सहित 569 कंट्रोल यूनिट, 1,146 बैलेट यूनिट और 617 वीवीपैट का इस्तेमाल किया गया।
निर्वाचन आयोग ने मतदान को पारदर्शी बनाने के लिए सभी 422 मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की थी। इसके अलावा 30 माडल मतदान केंद्र बनाए गए।
एक मतदान केंद्र का संचालन पूरी तरह महिला कर्मियों ने किया जबकि एक केंद्र पूरी तरह दिव्यांग कर्मियों व एक महिलाकर्मियों के जिम्मे रहा। चुनाव की निगरानी के लिए सामान्य, पुलिस और व्यय प्रेक्षक समेत तीन प्रेक्षकों की तैनाती की गई थी।
2,454 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई
मतदान को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 14 कंपनी केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल, आठ कंपनियां बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस, 221 पुलिस पदाधिकारी, 998 जिला पुलिस बल के जवान व 268 अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।
खबरें और भी
मतदाताओं को कतारबद्ध कराने के लिए 500 गृहरक्षकों की भी प्रतिनियुक्ति की गई। आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ, मोटर बोट, बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता व डायल-112 की आपातकालीन गाड़ियां भी सक्रिय रहीं।
चुनाव के दौरान जिले में बनाए गए 85 चेक पोस्टों पर लगातार निगरानी रखी गई। संयुक्त कार्रवाई में 24.12 सौ लीटर शराब, लगभग 39,200 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ तथा 3.95 लाख रुपये नकद जब्त किए गए।
यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: AN कॉलेज में वज्रगृह में सील हुईं EVM, 3 अगस्त को होगी मतगणना