बांकीपुर उपचुनाव में साइलेंट पीरियड शुरू; बाहरी नेताओं को छोड़ना होगा क्षेत्र, कैंडिडेट के वाहनों पर भी सख्त नियम
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 48 घंटे का साइलेंट पीरियड शुरू हो गया है, जिसके तहत बाहरी प्रचारकों को क्षेत्र छोड़ना होगा। प्रशासन ने उम्मीदवारों के ...और पढ़ें

प्रचार बंद होने के बाद साइलेंट पीरियड के नियमों की जानकारी देते डीएम कुंदन कुमार व एसएसपी कार्तिकेय शर्मा। जागरण
जागरण संवाददाता, पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार थम चुका है। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग की ओर से 48 घंटे का साइलेंट पीरियड लागू हो गया है।
अब विधानसभा क्षेत्र में बाहरी स्टार प्रचारक, चुनावी कार्यकर्ता और गैर-मतदाता चुनावी गतिविधियों में शामिल नहीं हो सकेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम कुंदन कुमार व एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने संयुक्त प्रेसवार्ता में बताया कि नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि जो स्टार प्रचारक या चुनावी कार्यकर्ता बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं, उन्हें क्षेत्र से बाहर जाना होगा।
प्रशासन होटल, लाज और अन्य ठहरने के स्थानों की जांच की जा रही है ताकि बाहरी लोग साइलेंट पीरियड के दौरान चुनाव को प्रभावित नहीं कर सकें।
बांकीपुर उपचुनाव: एक नजर में
- 30 जुलाई को मतदान, तीन अगस्त को मतगणना।
- 25 प्रत्याशी मैदान में, दो ईवीएम का प्रयोग होगा हर बूथ पर।
- 422 बूथ बनाए गए हैं 187 भवन में।
- 3 लाख 79 हजार 616 मतदाता है विधानसभा क्षेत्र में
- दो लाख 60 पुरुष, 1 लाख 79 हजार 533 महिला, 23 मंगलामुखी
- 3166 मतदाता हैं 85 वर्ष से अधिक उम्र के। 1024 दिव्यांग
- आज राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय बांकीपुर से रवाना होंगे मतदानकर्मी।
- एएन कालेज के कला भवन में बनाया गया वज्रगृह, यहां मतदान के बाद रखी जाएंगी ईवीएम
- 1180 बैलेट यूनिट, 590 कंट्रोल यूनिट, 633 वीवीपैट मतदान के लिए तैयार।
- 30 जगह बनाए गए आदर्श बूथ, एक-एक जगह युवा, महिला व दिव्यांग मतदान केंद्र
उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान प्रत्याशी के लिए केवल तीन वाहनों की अनुमति होगी। इसके लिए भी निर्वाची पदाधिकारी से सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से दोबारा अनुमति लेनी होगी।
एक वाहन प्रत्याशी, दूसरा निर्वाचन अभिकर्ता और तीसरा कार्यकर्ताओं के लिए होगा। हर वाहन में चालक सहित अधिकतम पांच लोगों को ही बैठने की अनुमति होगी।
पुलिस-प्रशासन की टीम लगातार करेगी पेट्रोलिंग
एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति रात के समय क्षेत्र में घूमकर मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास करता मिला तो उसके विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार गश्त करेगी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद अब तक चार हथियार और 21 कारतूस जब्त किए गए हैं।
इसके अलावा 38 लाख रुपये से अधिक नकद राशि तथा 4,419 लीटर शराब बरामद की गई है। जिले में 2,908 लाइसेंसी हथियारों में से 1098 हथियार जमा कराए जा चुके हैं।
वहीं 247 को छूट दी गई है और पांच लाइसेंस रद किए गए हैं। अब तक आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के पांच मामले भी दर्ज किए जा चुके हैं।
यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: 30 जुलाई की शाम बदल जाएगी पटना की ट्रैफिक व्यवस्था; निकलने से पहले देख लें रूट
यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: हर बूथ पर केंद्रीय सशस्त्र बल का पहरा, भरोसा बढ़ाने को फ्लैग मार्च