बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव: आज EVM में कैद होगी 25 प्रत्याशियों की किस्मत, 3 अगस्त को फैसला
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा, जिसमें 3,79,616 मतदाता 25 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद करेंगे। ...और पढ़ें

आज EVM में कैद होगी 25 प्रत्याशियों की किस्मत, 3 अगस्त को फैसला
HighLights
बांकीपुर उपचुनाव के लिए आज मतदान, 25 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में।
एनडीए, महागठबंधन और जनसुराज के प्रमुख प्रत्याशी मैदान में।
मतगणना 3 अगस्त को, सुरक्षा के कड़े इंतजाम।
जागरण संवाददाता, पटना। भाजपा के गढ़ और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से जुड़ी होने के कारण प्रतिष्ठा का प्रश्न बने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव (Bankipur Byelection Voting) का फैसला अब मतदाताओं के हाथ में है।
गुरुवार की सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होने वाले मतदान में 3,79,616 मतदाता 25 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद करेंगे। तीन अगस्त को परिणाम घोषित होंगे।
इस बार एनडीए से भाजपा के नीरज सिन्हा, महागठबंधन से राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता तो विपक्ष के रूप में खुद का स्थापित करने का प्रयास कर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर प्रमुख प्रत्याशी हैं।
इसके अलावा 14 छोटे छल व 8 निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं। बुधवार दोपहर 187 भवनों में बने सभी 422 बूथों के लिए मतदानकर्मियों को ईवीएम के साथ रवाना किया गया। बूथ पर रात्रिप्रवास के साथ सुबह साथ बजे मॉक पोल के बाद मतदान प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त मतदान के लिए बुधवार को सभी संवेदन व अति संवेदनशील क्षेत्राें में पुलिस व केंद्रीय सशस्त्र बलों ने फ्लैग मार्च किया। चौक-चौराहों के अलावा हर बूथ पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
बूथ के अंदर की जिम्मेदारी केंद्रीय सशस्त्र बलों की होगी, जबकि बाहर पुलिस बल व कतार आदि लगवाने के लिए होमगार्ड तैनात रहेंगे। तकनीकी खराबी के कारण मतदान प्रभावित नहीं हो इसलिए 40 प्रतिशत बैलट यूनिट, सीपीयू व 50 प्रतिशत वीवीपैट रिजर्व में तैयार रहेंगी।
पूर्ण शहरी सीट होने के कारण यहां कम मतदान का रिकॉर्ड बनता रहा है। इसे देखते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम कुंदन कुमार ने सुदृढ़ लोकतंत्र के लिए सभी से अपने मताधिकार का प्रयोग करने आग्रह किया है।
एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने केंद्रीय बलों व जिला पुलिस को समन्वय के साथ शांतिपूर्ण मतदान कराने को कहा है। मतदान के लिए 16 जोनल, आठ सुपर जोनल व 42 सेक्टर दंडाधिकारियों के साथ 14 कंपनी केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। सीमा सील, नाकेबंदी, वाहन जांच, नदी व अश्वरोही गश्ती की व्यवस्था रहेगी।
पहली बार त्रिकोणीय चुनाव:
पूर्ण शहरी क्षेत्र होने के कारण यहां मतदान प्रतिशत हमेशा से कम रहा है। नवंबर 2025 में पहली बार लोकसभा चुनाव से करीब आठ प्रतिशत अधिक यानी 41 प्रतिशत मतदान हुआ था।
2015 में भाजपा के नितिन नवीन को 86,759 तो कांग्रेस के कुमार आशीष को 46,992 और 2020 में नितिन नवीन को 83,068 और कांग्रेस के लव सिन्हा को 44,032 मत मिले थे।
नवंबर 2025 में हुए चुनाव में नितिन नवीन को 98,299 तो राजद की रेखा गुप्ता को 46,363 मत मिले थे।
पटना पश्चिम क्षेत्र से 2008 में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र बनने तक यहां सीधा मुकाबला ही हुआ है। पहली बार जन सुराज के सूत्रधार के मैदान में आने से त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति बनी है।
महत्वपूर्ण तथ्य आंकड़ों में:
- मतगणना : 3 अगस्त, एएन कॉलेज में
- कुल मतदाता : 3,79,616
- प्रत्याशी : 25
- मतदान केंद्र : 422 (187 भवनों में)
- 85 वर्ष से अधिक मतदाता : 3,166
- दिव्यांग मतदाता : 1,024
- आदर्श मतदान केंद्र : 30 और महिला-युवा व दिव्यांग के एक-एक बूथ
- 2025 में मतदान : लगभग 41 प्रतिशत
- 2025 में भाजपा की जीत का अंतर : करीब 52 हजार मत
- 2025 में जन सुराज का मत प्रतिशत : लगभग 1.8 प्रतिशत
यह भी पढ़ें- बांकीपुर बन सकता है विपक्षी राजनीति का नया लॉन्चिंग पैड, तेजस्वी और पीके के लिए आसान नहीं लड़ाई