BPSC पेपर लीक में बड़ा खुलासा, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र का कर्मी EOU की रडार पर; मुंबई से पटना लाकर शुरू हुई पूछताछ
BPSC सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में मुंबई के भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र के तकनीकी सहायक रोशन कुमार को ईओयू ने मुंबई से ...और पढ़ें

बिहार लोक सेवा आयोग
HighLights
BARC कर्मी रोशन कुमार से BPSC पेपर लीक पर पूछताछ शुरू।
रोशन ने बायोमीट्रिक कर्मियों की मदद से आंसर-की मिलने की बात कबूली।
ईओयू अब तक तीन दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (एईडीओ) भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में मुंबई के भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) से गिरफ्तार तकनीकी सहायक रोशन कुमार से आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने पूछताछ शुरू कर दी है। विशेष टीम उसे मुंबई से पटना लेकर पहुंची है।
आंसर-की कैसे पहुंची, यही सबसे बड़ा सवाल
ईओयू को शुक्रवार तक रोशन की रिमांड मिली है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा शुरू होने से पहले रोशन के पास आंसर-की कैसे पहुंची और इस पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
बायोमीट्रिक कर्मियों की मदद की बात कबूली
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में रोशन ने बायोमीट्रिक कर्मियों की मदद मिलने की बात स्वीकार की है।
उसने आंसर-की उपलब्ध कराने वाले कथित साल्वर गिरोह के कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनका सत्यापन किया जा रहा है।
परीक्षा केंद्र पर मौजूद था रोशन
जांच में सामने आया है कि 17 अप्रैल को एईडीओ परीक्षा के दिन रोशन नालंदा के सोहसराय स्थित परीक्षा केंद्र पर मौजूद था।
आरोप है कि उसने अभ्यर्थी श्वेता कुमारी तक उसके पति कुणाल के माध्यम से आंसर-की पहुंचाई थी।
पिछले साल BARC में मिली थी नौकरी
पूछताछ में रोशन ने बताया कि उसने अगस्त 2025 में भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र में तकनीकी सहायक के पद पर योगदान दिया था। अब ईओयू उसके संपर्कों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है।
तीन दर्जन से अधिक गिरफ्तार, जांच जारी
एईडीओ भर्ती परीक्षा अप्रैल में आयोजित हुई थी, लेकिन पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद बीपीएससी ने परीक्षा रद्द कर दी थी।
इस मामले में अब तक तीन दर्जन से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और ईओयू पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
यह भी पढ़ें- BPSC AEDO पेपर लीक में EOU की कार्रवाई, भाभा रिसर्च सेंटर का टेक असिस्टेंट मुंबई से अरेस्ट