विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

2030 तक एक करोड़ नौकरी-रोजगार; 17 अगस्त से विद्यार्थी पोर्टल, स्वतंत्रता दिवस पर CM सम्राट चौधरी के बड़े एलान

Updated: Sat, 15 Aug 2026 12:44 PM (IST)

स्वतंत्रता दिवस पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गांधी मैदान से कई बड़े एलान किए, जिनमें 17 अगस्त से विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की शुरुआत और 2030 तक एक करोड़ युवाओं को नौकरी-रोजगार देने का लक्ष्य शामिल है।

गांधी मैदान में स्‍वतंत्रता द‍िवस समारोह को संबोध‍ित करते सीएम सम्राट चौधरी। वीड‍ियो ग्रैब

गांधी मैदान में स्‍वतंत्रता द‍िवस समारोह को संबोध‍ित करते सीएम सम्राट चौधरी। वीड‍ियो ग्रैब

HighLights

  1. 17 अगस्त से शुरू होगा विद्यार्थी सहयोग पोर्टल।

  2. 2030 तक एक करोड़ नौकरी-रोजगार का लक्ष्य।

  3. मोकामा में बनेगा भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर।

डिजिटल डेस्क, पटना। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गांधी मैदान से बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े कई बड़े एलान किए।

इसमें एक तो विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का शुभारंभ और दूसरा 2030 से पहले एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार की घोषणा अहम रही। 

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए 17 अगस्त से पूरे बिहार में ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ शुरू करने की घोषणा की।

इस पोर्टल पर छात्र-छात्राएं स्कूल, कॉलेज, छात्रावास, कोचिंग और पढ़ाई से जुड़ी अपनी शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेंगे। सरकार ने शिकायतों के 30 दिनों के भीतर निष्पादन का लक्ष्य तय किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ऑनलाइन शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग या अधिकारी के स्तर से कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षाओं की निगरानी के लिए  जज की अध्यक्षता में बनेगी कमेटी

मुख्यमंत्री ने परीक्षाओं की गुणवत्ता और निष्पक्षता को लेकर भी बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं की निगरानी के लिए हाईकोर्ट के जज की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय कमेटी बनाई जाएगी।

यह कमेटी परीक्षा व्यवस्था की निगरानी करेगी और शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता सुधार के लिए काम करेगी। सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को बेहतर और पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था मिले तथा परीक्षाओं की निष्पक्षता पर किसी तरह का सवाल न उठे।

2030 से पहले एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रोजगार के मोर्चे पर भी बड़ा लक्ष्य सामने रखा। उन्होंने कहा कि 2030 से पहले बिहार में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

सरकार युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने और विभिन्न क्षेत्रों में नियुक्तियों को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है।

मोकामा में बनेगा तिरुपति बालाजी का भव्य मंदिर

मुख्यमंत्री ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मोकामा में भगवान परशुराम स्थान पर तिरुपति बालाजी का भव्य मंदिर बनाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए 10 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई है।

सरकार का उद्देश्य धार्मिक स्थलों के विकास के साथ बिहार को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करना है। उन्‍होने सीतापुरम में मां सीता के मंदिर की चर्चा भी की। 

सोन नदी को फल्गू से जोड़ने की योजना

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोन नदी को फल्गू नदी से जोड़ा जाएगा। इससे गया में पिंडदान के लिए वर्षभर पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से इस परियोजना का विशेष महत्व है। प‍िंडदानियों को क‍िसी तरह की समस्‍या नहीं होगी। 

बुजुर्गों को घर पर रजिस्ट्री और स्वास्थ्य सुविधा

मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों के लिए भी सुविधाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 75 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को घर पर रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वहीं 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को घर पर स्वास्थ्य सुविधा देने की व्यवस्था की जाएगी।

30 हजार भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा

भूमिहीन परिवारों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि 30 हजार भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा के तहत जमीन दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि भूमिहीन परिवारों को आवास और जमीन से जुड़ी समस्याओं से राहत मिले।

एक करोड़ लोगों को राशन कार्ड से जोड़ने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा योजना को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक करोड़ लोगों को राशन कार्ड से जोड़ा जाएगा।

इसमें बड़ी संख्या में लोगों को पहले ही जोड़ा जा चुका है। मुख्यमंत्री के अनुसार, एक महीने में ही 30 लाख से अधिक लोगों को राशन कार्ड से जोड़ा गया है।

2100 रुपये में पटना की सैर, पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

पर्यटन के क्षेत्र में हेलीकॉप्टर सेवा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2100 रुपये में पटना की हेली टूरिज्म सेवा उपलब्ध कराई जा रही है।

इसके साथ ही बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों को हेली सेवा से जोड़कर टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। राज्य के धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों को बेहतर सुविधाओं से जोड़कर देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने का समय आ गया है।

उन्होंने कहा कि बिहार अब विकास के नए चरण में प्रवेश कर रहा है और दुनिया से जुड़ने के लिए राज्य में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- सम्राट चौधरी ने पहली बार फहराया तिरंगा तो याद आया नीतीश का रिकॉर्ड, गांधी मैदान से जुड़ा है खास रिश्ता

यह भी पढ़ें- गांधी मैदान से CM सम्राट चौधरी का बड़ा संदेश, महिला सुरक्षा से रोजगार और निवेश तक कई घोषणाएं