475 पर FIR, 103 आरोपित गिरफ्तार; सोशल मीडिया पर बिहार पुलिस का सख्त पहरा
बिहार पुलिस ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग, फर्जी खबरों और साइबर अपराधों पर सख्ती बढ़ाई है। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
सोशल मीडिया दुरुपयोग पर बिहार पुलिस की सख्त कार्रवाई।
475 FIR दर्ज, 103 आरोपितों को किया गया गिरफ्तार।
फर्जी पोस्ट, डीपफेक सामग्री पर जीरो टॉलरेंस नीति।
राज्य ब्यूरो, पटना। प्रदेश में इंटरनेट मीडिया के दुरुपयोग, फर्जी खबरों, महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराध और समाज में तनाव फैलाने वाली गतिविधियों पर बिहार पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है।
साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई की ओर से जनवरी 2026 से अब तक इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर चलाए गए विशेष अभियान में 475 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जबकि 103 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
इस दौरान 1320 आपत्तिजनक पोस्ट और यूआरएल हटवाए गए तथा 529 फर्जी इंटरनेट मीडिया आइडी और हैंडल बंद कराए गए।
पुलिस के अनुसार, इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर साइबर थानों के सहयोग से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
महिलाओं और बालिकाओं के नाम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर अश्लील सामग्री प्रसारित करने, एआई आधारित डीपफेक फोटो और वीडियो बनाने, साइबर स्टाकिंग, आनलाइन उत्पीड़न, फर्जी खबरें फैलाने तथा सार्वजनिक व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों पर भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई के अनुसार संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों, न्यायपालिका और अन्य सार्वजनिक संस्थानों के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले मामलों में भी लगातार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इंटरनेट मीडिया कंपनियों को आपत्तिजनक सामग्री हटाने के लिए नियमित रूप से कानूनी नोटिस भेजे जा रहे हैं। पुलिस की ओर से लोगों से अपील की है कि इंटरनेट का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें।
फर्जी खबरें फैलाना, डीपफेक सामग्री तैयार करना, महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराध करना या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री साझा करना दंडनीय अपराध है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इंटरनेट मीडिया के दुरुपयोग के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति आगे भी जारी रहेगी।
छह माह की प्रमुख उपलब्धियां
- 475 मामलों में प्राथमिकी दर्ज
- 103 आरोपित गिरफ्तार
- 1320 आपत्तिजनक पोस्ट/यूआरएल हटाए गए
- 529 फर्जी इंटरनेट मीडिया आइडी निष्क्रिय कराई गईं
- 692 कानूनी नोटिस इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म को भेजे गए
यह भी पढ़ें- CM सम्राट चौधरी ने बिहार पुलिस को सौंपी 84 नई गाड़ियां; बोले-रिस्पॉन्स टाइम और गश्ती व्यवस्था होगी बेहतर