Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में तस्करों का आतंक: ट्रेन की सीलिंग खोलकर निकाल रहे थे शराब, विरोध करने पर रेल कर्मचारी को पीटा

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 07:38 PM (IST)

    शराब तस्करों ने पटना के पास चलती डिब्रूगढ़-राजेंद्र नगर एक्सप्रेस में रेलकर्मियों पर हमला कर दिया। विरोध करने पर उन्होंने सुपरवाइजर को पीटा, 7000 रुपय ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर

    सांकेतिक तस्वीर

    HighLights

    1. चलती ट्रेन में शराब तस्करों ने किया उपद्रव।

    2. रेल सुपरवाइजर को पीटा, सात हजार रुपये लूटे।

    3. चेन पुलिंग कर फरार हुए तस्कर, पुलिस जांच में जुटी।

    जागरण संवाददाता, पटना। गुलजारबाग और राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशनों के बीच चलती ट्रेन में शराब तस्करों के एक गिरोह ने भारी उपद्रव मचाया। डिब्रूगढ़-राजेंद्र नगर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13281) में अवैध शराब की तस्करी का विरोध करने पर तस्करों ने ट्रेन सुपरवाइजर और अन्य रेलकर्मियों के साथ जमकर मारपीट की।

    इस दौरान आरोपितों ने अलार्म चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका, सुपरवाइजर से सात हजार रुपये लूट लिए और अपने पकड़े गए साथी को छुड़ाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से शराब से भरा एक लावारिस बैग जब्त किया है।

    घटना बीते मंगलवार की सुबह लगभग 11:30 बजे की है। जब डिब्रूगढ़-राजेंद्र नगर एक्सप्रेस बख्तियारपुर स्टेशन पहुंची, तो वहां पांच से छह की संख्या में अज्ञात असामाजिक तत्व ट्रेन के एस-टू कोच में सवार हुए।

    बोगी में चढ़ते ही वे सीधे शौचालय में घुस गए और छत में लगे नट-बोल्ट खोलने लगे। कोच के सुपरवाइजर विजय कुमार (निवासी पोथमा पर, बाढ़) ने जब उनसे इस संदिग्ध गतिविधि का कारण पूछा, तो आरोपित गाली-गलौज करने लगे और उलझ गए।

    शौचालय की छत से निकाली जा रही थी अंग्रेजी शराब

    देखते ही देखते बदमाशों ने शौचालय की छत के भीतर छिपाई गई अंग्रेजी शराब की बोतलें निकालना शुरू कर दिया। सुपरवाइजर विजय कुमार और उनके साथी कर्मचारियों ने इसका कड़ा विरोध किया और तस्करी रोकने का प्रयास किया। इस दौरान चलती ट्रेन में ही आरोपितों ने रेलकर्मियों पर हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी।

    खबरें और भी

    हालांकि, रेल कर्मचारियों ने साहस का परिचय देते हुए एक तस्कर को दबोच लिया। ट्रेन जैसे ही गुलजारबाग और राजेंद्र नगर स्टेशन के बीच पहुंची, तस्करों ने अलार्म चेन पुलिंग कर दी, जिससे ट्रेन अचानक रुक गई। ट्रेन रुकते ही अन्य बदमाशों ने हमला बोलकर रेलकर्मियों के चंगुल से अपने पकड़े गए साथी को छुड़ा लिया।

    इसके बाद वे सुपरवाइजर विजय कुमार को घसीटते हुए ट्रेन से नीचे ले आए, उनके साथ जमकर मारपीट की और जेब में रखे सात हजार रुपये नकद छीन लिए। अचानक हुई चेन पुलिंग को देखकर पास में तैनात रेल सुरक्षाकर्मी सतर्क हुए और तेजी से एस-टू कोच की ओर दौड़ पड़े।

    सुरक्षा बलों को अपनी तरफ आता देख तस्कर शराब की खेप लेकर मौके से भाग निकले। हालांकि, हड़बड़ी में वे शराब से भरा एक बैग वहीं छोड़ गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

    सुपरवाइजर के बयान पर केस दर्ज

    घटना के बाद पीड़ित सुपरवाइजर विजय कुमार ने राजेंद्र नगर रेल थाने पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराया। इसके उपरांत राजेंद्र नगर थाने में तैनात पुलिसकर्मी हरिवंश सिंह के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

    गिरोह के सदस्यों ने असम या पश्चिम बंगाल में ट्रेन के शौचालय की छत खोलकर शराब की खेप वहां छिपा दी थी और इसकी जानकारी पटना के अपने सहयोगियों को दे दी थी। योजना के मुताबिक पटना के तस्कर बख्तियारपुर में चढ़े और माल निकालने लगे।

    यह भी पढ़ें- पूर्वी चंपारण में फिर सियार का हमला, छह लोगों को काटा, पहले दो की गई थी जान