पटना को मिलेगी बड़ी सौगात, CM सम्राट चौधरी 100 बेड के मॉडल अस्पताल और रिवर फ्रंट का करेंगे उद्घाटन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना सिटी में 100 बेड के मॉडल अस्पताल और भद्रघाट, महावीर घाट, नौजर घाट पर बने रिवर फ्रंट का उद्घाटन किया। ...और पढ़ें

नवनिर्मित मॉडल अस्पताल और नवनिर्मित रिवर फ्रंट। (जागरण)
HighLights
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में मॉडल अस्पताल का उद्घाटन किया।
भद्रघाट, महावीर घाट, नौजर घाट पर रिवर फ्रंट भी समर्पित।
अस्पताल में आपातकालीन, स्त्री एवं शिशु रोग सेवाएं मिलेंगी।
जागरण संवाददाता, पटना सिटी। खाजेकलां थाना क्षेत्र के गुरहट्टा स्थित एक सौ बेड के श्री गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल परिसर में एक सौ बेड के नवनिर्मित मॉडल अस्पताल का शिलान्यास एवं भद्रघाट, महावीर घाट, नौजर घाट पर बने रिवर फ्रंट का उद्घाटन बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे।
इन कार्यक्रमों को लेकर मंगलवार को दोनों जगहों पर पदाधिकारियों के पहुंचे, तैयारियों का जायजा लेने और कमियों को दूर करने का आदेश-निर्देश देने का सिलसिला जारी रहा।
मॉडल अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय, बीएमएसआईसीएल के एमडी सुब्रत सेन समेत अन्य पदाधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया।
अभियंता ने बताया कि मॉडल अस्पताल का निर्माण लगभग 30 करोड़ और रिवर फ्रंट का निर्माण 46.26 करोड़ से किया गया है।
अधीक्षक डॉ. सुधा शंकर राय ने बताया कि नये भवन में इमरजेंसी, स्त्री एवं प्रसूति विभाग, शिशु रोग विभाग संचालित होगा। पीपी मोड पर डायलिसिस की सुविधा मरीजों को मिलेगी।
मॉडल अस्पताल के लिए सत्रह नये चिकित्सकों की तैनाती की गयी है। उन्होंने बताया कि गायनी के 13, सर्जरी के सात और दस बच्चा मरीज को मॉडल अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पहले दिन चार मरीजों का डायलिसिस किया जाएगा। मरीजों की आवाजाही के लिए अशोक राजपथ स्थित अस्पताल का मुख्य प्रवेश द्वार खोला जाएगा।
हरियाली के बीच पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित हुये गंगा घाट
अशोक राजपथ, जेपी गंगा पथ, गायघाट-दीदारगंज सड़क से जुड़े भद्रघाट, महावीर घाट, नौजर घाट के विकसित होते ही पर्यटकों का यहां पहुंचना जारी है।
हर दिन सैकड़ों लोग यहां पहुंच कर गंगा के विहंगम दृश्य का आनंद लेते हैं। बुडको के अभियंता ने बताया कि 46.26 करोड़ से 565 मीटर चौड़े घाट का निर्माण किया गया है।
चित्रगुप्त घाट का निर्माण कार्य बरसात बाद शुरू हो जाएगा। यह घाट 60 मीटर चौड़ा होगा। नवनिर्मित घाटों पर हाइमास्ट के साथ लैंप पोस्ट लगाया गया है।
भद्रघाट पर चेंजिंग रूम बना है। लोगों के बैठने के लिए छतरी के नीचे चबूतरे, वेटिंग ओपेन रूम आदि का निर्माण हुआ है। सड़क और घाट के बीच पीपल के पेड़ों की कतार इस स्थल को पर्यटकों के बीच और भी लोकप्रिय बना रहा है।