मोकामा में गंगा की तेज धार में फंसा कोयला लदा जहाज, रेस्क्यू कर बाढ़ भेजा गया
साहिबगंज से बाढ़ एनटीपीसी जा रहा कोयला लदा जहाज 'जाकिर हुसैन' मोकामाघाट के पास गंगा की तेज धार में फंस गया। ...और पढ़ें

मोकामा में फंसा जहाज। (जागरण)
HighLights
कोयला लदा जहाज 'जाकिर हुसैन' मोकामाघाट पर फंसा।
तेज गंगा धार के कारण जहाज आगे नहीं बढ़ सका।
दो अन्य जहाजों की मदद से सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।
संवाद सूत्र, मोकामा। साहिबगंज से बाढ़ एनटीपीसी आ रहा जाकिर हुसैन मालवाहक जहाज मोकामाघाट के निकट गंगा की तेज धार में आगे नहीं बढ़ सका और फंस गया।
जहाज पर कोयला लदा हुआ था। जहाज के चालक के त्राहिमाम संदेश के बाद जहाज को रेस्क्यू कर बाढ़ पहुंचाया गया। बाढ़ एनटीपीसी के पीआरओ विकासधर द्विवेदी ने इसकी पुष्टि की है।
मालवाहक जहाज जाकिर हुसैन पर करीब साढ़े तीन सौ टन कोयला लदा हुआ था। जहाज साहिबगंज से बाढ़ एनटीपीसी आ रहा था।
जहाज पर क्षमता से ज्यादा कोयला लदा हुआ था। मोकामाघाट पहुंचने पर कोयला लदा जहाज गंगा नदी में फंस गया और आगे नहीं बढ़ सका।
पायलट ने अपने स्तर से काफी मशक्कत कर जहाज को आगे ले जाने की पूरी कवायद भी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जहाज के पायलट ने जाकिर हुसैन को करीब एक किलोमीटर पीछे ले जाकर औन्टा संगतपर घाट पर खड़ा कर दिया।
अधिकारियों को दी गई सूचना
जहाज के गंगा नदी में अपस्ट्रीम नहीं होने की सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गयी। इस दौरान जहाज करीब साढ़े तीन घंटे गंगा की धार में फंसा रहा।
बाढ़ एनटीपीसी के पीआरओ विकासधर द्विवेदी ने कोयला लदे जहाज के गंगा नदी में फंस जाने की पुष्टि की है। ग्रामीणों ने बताया कि बाद में दो अन्य जहाज की सहायता से जाकिर हुसैन को बाढ़ पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें- बिहार के मोकामा में महिला कांस्टेबल से छेड़खानी, इंजीनियर समेत नगर परिषद के 3 कर्मचारी गिरफ्तार