बिहार के मोकामा में महिला कांस्टेबल से छेड़खानी, इंजीनियर समेत नगर परिषद के 3 कर्मचारी गिरफ्तार
मोकामा में महिला सिपाहियों से अश्लील टिप्पणी करने के आरोप में नगर परिषद के एक इंजीनियर समेत तीन संविदा कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी शरा ...और पढ़ें

गिरफ्तार आरोपी। फोटो जागरण
HighLights
मोकामा में महिला सिपाहियों से अश्लील टिप्पणी का मामला।
नगर परिषद के इंजीनियर समेत तीन कर्मचारी गिरफ्तार।
सभी आरोपी शराब के नशे में धुत पाए गए।
संवाद सूत्र, मोकामा। महिला सिपाही पर फब्तियां कसने पर मोकामा नगर परिषद के एक सिविल इंजीनियर सह संविदा जेई समेत तीन कर्मचारियों को मोकामा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार नपकर्मी शराब के नशे में धुत्त थे। पुलिस ने सभी नशेड़ी नपकर्मियों को ब्लड और यूरिन की जांच के लिए बाढ़ भेज दिया है। दूसरी ओर विभागीय स्तर से भी आरोपित सभी कर्मचारियों को सेवा से हटाने की भी कवायद शुरु हो गयी है। इस हाई प्रोफाइल मामले को दबाने का पूरा प्रयास भी किया गया।
रात में जाते वक्त किया अश्लील कमेंट
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात्रि करीब बारह बजे कुछ महिला सिपाही मोकामा थाने से सोने के लिए नगर परिषद कार्यालय जा रही थीं। इन महिला सिपाहियों के साथ पुरुष पुलिसकर्मी भी इन्हें सुरक्षित पहुंचाने नगर परिषद कार्यालय जा रहे थे।
इसी दौरान नगर परिषद कार्यालय से सटे एक मकान की छत से महिला सिपाहियों को देख तीन युवकों ने अश्लील और भद्दा कमेंट कर दिया। साथ में चल रहे अन्य पुलिसकर्मियों ने गंदा कमेंट सुन काफी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
थाने लाकर जब ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गयी, तो सभी पूरी तरह शराब के नशे में धुत्त पाए गए। मोकामा पुलिस ने तत्काल तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
संविदा पर हुई थी बहाली
गिरफ्तार युवकों की पहचान मोकामा नगर परिषद कार्यालय में कार्यरत प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तकनीकी सहायक राधेश्याम कुमार, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के आवास सहायक गोपाल कुमार और प्रभारी लेखापाल सौरभ राज के रुप में हुई है।
खबरें और भी
गिरफ्तार सभी नपकर्मी संविदा पर बहाल हुए हैं। चर्चा है कि शराब सेवन की पुष्टि होते ही तीनों नगरकर्मियों को छोड़ने का मोकामा पुलिस पर भारी दबाव बनाया गया।
प्रभारी थानाध्यक्ष सत्यम कुमार ने तीनों के शराब सेवन की पुष्टि की है। बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्णा ने बताया कि महिला सिपाही के साथ सामान्य छेड़छाड़ की घटना के बाद तीनों को पकड़ा गया था।
जांच के दौरान तीनों के नशे में पाए जाने पर इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ केस मजबूत बनाने के लिए खून की भी जांच कराई गयी है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार रजक ने भी विभागीय कार्यवाई का आश्वासन दिया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद सेवा से हटाने के लिए तीनों संविदाकर्मियों के खिलाफ अनुशंसा की जायेगी। मोकामा पुलिस ने आवश्यक कार्यवाई के बाद सभी को बाढ़ कोर्ट में उपस्थापन के लिए भेजा है।
यह भी पढ़ें- जहानाबाद में अंधाधुंध फायरिंग, 6 गंभीर; वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में बन रहे फोलनेल पुल का स्लैब गिरा, 6 मजदूर घायल