IIT पटना के प्लेसमेंट पैकेज में रिकॉर्ड उछाल, 687 छात्रों को गूगल-अमेजन जैसी कंपनियों में मिली जॉब
आईआईटी पटना के 2026 बैच के छात्रों को 687 से अधिक नौकरी के प्रस्ताव मिले, जिसमें औसत वेतन 23.17 लाख रुपये तक पहुंच गया है। संस्थान ने पिछले चार सत्रों ...और पढ़ें
-1785936405698_m.webp)
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान पटना। फाइल फोटो
HighLights
आईआईटी पटना के 687 से अधिक छात्रों को नौकरी मिली।
औसत वेतन 17% बढ़कर 23.17 लाख रुपये प्रति वर्ष हुआ।
एमटेक और एमएससी में 100% प्लेसमेंट दर्ज किया गया।
जागरण संवाददादा, पटना। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) पटना के 2026 बैच के छात्रों को प्लेसमेंट में बहुराष्ट्रीय कंपनियों, नवोन्मेषी उद्यमों (स्टार्टअप) और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों से 687 से अधिक नौकरियों के प्रस्ताव मिले।
संस्थान ने दावा किया कि पिछले चार अकादमिक सत्रों से IIT ने प्लेसमेंट के प्रमुख पैमाने पर वृद्धि दर्ज की है। अखिल भारतीय आइआइटी प्लेसमेंट समिति के नियमों के तहत सर्वोच्च पैकेज को गुप्त रखा गया है।
वर्तमान अकादमिक सत्र की रोजगार प्रक्रिया में 230 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने हिस्सा लिया। सूचना प्रौद्योगिकी, परामर्श, विनिर्माण, अनुसंधान और वित्त जैसे क्षेत्रों में छात्रों को अवसर मिले।
इस वर्ष स्नातक (बीटेक और बीएस) स्तर पर छात्रों के वेतन में वृद्धि दर्ज की गई है। छात्रों का मीडियन वेतन 38.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 13 लाख रुपये से बढ़कर 18 लाख रुपये प्रति वर्ष हो गया है।
औसत वेतन में भी 17.02 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जो 19.80 लाख रुपये से बढ़कर 23.17 लाख रुपये प्रति वर्ष तक पहुंच गया है। प्री-प्लेसमेंट आफर में भी लगभग 30 प्रतिशत का उछाल आया है, जिनकी संख्या 94 से बढ़कर 122 हो गई है।
एमटेक का औसत वेतन 15.06 लाख
स्नातकोत्तर स्तर पर भी सफलता का सराहनीय क्रम जारी रहा। प्रौद्योगिकी स्नातकोत्तर (एमटेक) का कुल प्लेसमेंट 80.35 प्रतिशत रहा और औसत वेतन बढ़कर 15.06 लाख रुपये प्रति वर्ष हो गया।
एमटेक की तीन विशिष्ट शाखाओं गणित एवं कंप्यूटिंग, वीएलएसआइ एवं एंबेडेड सिस्टम, तथा सामग्री विज्ञान एवं इंजीनियरिंग में शत-प्रतिशत छात्रों को नौकरियां मिलीं। इसके अलावा, विज्ञान स्नातकोत्तर (एमएससी) के भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित विषयों में लगातार दूसरे वर्ष 100 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है।
इन कंपनियों से मिले ऑफर
प्रमुख नियोक्ताओं में गूगल, एडोब, अमेज़न, डीई शा, सैमसंग, स्प्रिंकलर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा मोटर्स शामिल रहे। गेल, इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड, एचपीसीएल, बीपीसीएल, भारत इलेक्ट्रानिक्स, सी-डाट और लार्सन एंड टूब्रो जैसे प्रमुख सार्वजनिक उपक्रमों व मुख्य इंजीनियरिंग संगठनों ने भी भागीदारी दर्ज की।