Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पटना के जेपी गंगा पथ को मिलेगा इंटरनेशनल लुक, 6.5 किलोमीटर पर गंगा चैनल होगा विकसित

    Updated: Sun, 02 Aug 2026 10:24 PM (GMT+05:30)

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जेपी गंगा पथ के समग्र उद्यान परियोजना की समीक्षा की, जिसमें 6.5 किलोमीटर गंगा चैनल को विश्वस्तरीय स्वरूप देने का निर्णय लि ...और पढ़ें

    जेपी गंगा पथ विकास परियोजना की समीक्षा करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी। फोटो: आइपीआरडी

    जेपी गंगा पथ विकास परियोजना की समीक्षा करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी। फोटो: आइपीआरडी

    HighLights

    1. जेपी गंगा पथ पर 6.5 किमी गंगा चैनल विश्वस्तरीय बनेगा।

    2. श्रद्धालुओं व छठव्रतियों हेतु गंगा घाटों का विकास किया जाएगा।

    3. प्रत्येक 1.5-2 किमी पर पर्याप्त पार्किंग, फुटओवर ब्रिज बनेंगे।

    राज्य ब्यूरो, पटना। सरकार जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) के किनारे श्रद्धालुओं एवं छठव्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गंगा घाटों को विकसित कराएगी। कुर्जी से काली घाट तक 6.5 किलोमीटर गंगा चैनल विकसित होगा। साथ ही विश्वस्तरीय स्वरूप दिया जाएगा।

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना के अंतर्गत समग्र उद्यान/पार्किंग/ कैफेटेरिया आदि विकसित करने से संबंधित कार्यों समीक्षा की।

    मुख्यमंत्री ने प्रत्येक 1.5 से 2 किलोमीटर पर पर्याप्त पार्किंग विकसित करने व फुटओवर ब्रिज का निर्माण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री को बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों, पूर्ण कराए तथा प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

    प्रस्तुतीकरण में वाटर मेट्रो जेट्टी, पार्किंग फार शाप्स, ग्राउंड डेवलपमेंट, 25 एमएलडी एवं 100 एमएलडी एसटीपी, एलसीटी घाट/पीएमसी 50 शाप्स, बाटनिकल गार्डेन, पटना मेट्रो कास्टिंग यार्ड/मीटिंग ग्राउंड, स्पोर्ट्स ग्राउंड, पार्किंग फॉर ग्राउंड, बटरफ्लाई पार्क, बांस घाट क्रिमेटोरियम काम्प्लेक्स, मंदिरी नाला कनेक्टिविटी, ओल्ड बांस घाट क्रिमेटोरियम कॉम्प्लेक्स, एसटीपी/वेस्ट टू वंडर पार्क, प्रस्तावित गंगा चैनल विकास, पटना स्मार्ट सिटी पार्क विकास, महिला हाट एंड पार्किंग/ कला ग्राम, दीघा रोटरी आदि के विकास कार्यों की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत रूप से अवगत कराया गया।

    समयसीमा पर काम पूरा करने के निर्देश 

    समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा के अंदर पूर्ण कराएं। कोईलवर एक्सप्रेस-वे को ध्यान में रखते हुए ऐसी कार्ययोजना तैयार करें जिससे गंगा के जलस्तर में वृद्धि होने की स्थिति में भी लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

    खबरें और भी

    जेपी गंगा पथ पर प्रत्येक डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी पर पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि वाहनों का परिचालन सुचारु रूप से हो सके। आवश्यकतानुसार गंगा के किनारे फुटओवर ब्रिज के निर्माण की कार्ययोजना तैयार करें।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक गोलघर पटना की पहचान है। इसलिए उसे और अधिक सुंदर एवं आकर्षक स्वरूप में विकसित किया जाए। गोलघर परिसर में कैफेटेरिया की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।

    पटना हाईकोर्ट के समीप स्थित वाटर टावर का जीर्णोद्धार भी बेहतर ढंग से कराए। जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान परियोजना को और अधिक आकर्षक, सुविधाजनक एवं जनोपयोगी बनाने के लिए आमलोगों से सुझाव लें।

    बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, जिलाधिकारी कुंदन कुमार के अतिरिक्त अन्य कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

    यह भी पढ़ें- बिहार में 31 मार्च तक बनेंगे 1 करोड़ नए राशन कार्ड, गरीबों की जमीन होगी कब्जा मुक्त; CM सम्राट का एलान