पटना में गलत खून चढ़ाने से मासूम की मौत, दलाल के झांसे में आकर निजी अस्पताल में कराया था भर्ती
पटना में सड़क हादसे में घायल एक मासूम की निजी अस्पताल में गलत खून चढ़ाने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।
HighLights
सड़क हादसे में घायल मासूम की इलाज के दौरान मौत।
निजी अस्पताल में गलत खून चढ़ाने का परिजनों का आरोप।
आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर शिकायत दर्ज कराई।
जागरण संवाददाता, पटना। रानीतालाब थाना क्षेत्र के सैदाबाद गोना स्कूल के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल मासूम की कंकड़बाग स्थित निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
स्वजन ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि गलत खून चढ़ाने के कारण बच्चे की स्थिति बिगड़ी और उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आक्रोशित स्वजन ने अस्पताल में भारी हंगामा किया, जिसे कंकड़बाग पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया।
27 जुलाई की सुबह हैबसपुर गांव के रहने वाले दो सगे भाई एक साथ स्कूल जा रहे थे। इसी क्रम में सैदाबाद गोना स्कूल के रास्ते में एक अज्ञात अनियंत्रित वाहन ने दोनों भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी।
इस हादसे में दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की तत्परता से दोनों को तुरंत पटना एम्स में भर्ती कराया गया। स्वजनों का कहना है कि वहां एक दिन इलाज के बाद बेड खाली न होने की बात कहकर दोनों बच्चों को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया था।
दलाल के झांसे में आकर निजी अस्पताल में कराया भर्ती
मृतक बच्चे के किसान पिता ने बताया कि पीएमसीएच में उनकी मुलाकात सौरभ नाम के एक दलाल से हुई। उसने बेहतर और त्वरित इलाज का झांसा देकर दोनों बच्चों को कंकड़बाग के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया।
स्वजन का आरोप है कि निजी अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने एक बच्चे को गलत ग्रुप का खून चढ़ा दिया। इसके बाद से ही बच्चे की तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई और 31 जुलाई की देर रात उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरा भाई अभी भी आइसीयू में जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहा है।
घटना के बाद डॉक्टर व कर्मी फरार, थाने में शिकायत दर्ज
मासूम की मौत की खबर मिलते ही स्वजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल के डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी मौके से फरार हो गए।
खबरें और भी
सूचना मिलते ही कंकड़बाग थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आक्रोशित लोगों को शांत कराया। स्वजन ने कंकड़बाग थाने में निजी अस्पताल और संबंधित लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया है।